Tuesday , March 17 2026

देश में गहराए गैस संकट के बीच समीरा रेड्डी ने सिलेंडर को पहनाया ‘किंग’ का ताज, वीआईपी मेहमान की तरह की सेवा, मजेदार रील देख लोटपोट हुए फैंस

देश में गहराए गैस संकट के बीच समीरा रेड्डी ने सिलेंडर को पहनाया ‘किंग’ का ताज, वीआईपी मेहमान की तरह की सेवा, मजेदार रील देख लोटपोट हुए फैंस

भारत में एलपीजी की किल्लत और सिलेंडरों के लिए लगी लंबी कतारों के बीच बॉलीवुड अभिनेत्री समीरा रेड्डी ने एक बेहद मजेदार रील साझा की है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में समीरा अपने घर आए गैस सिलेंडर को किसी ‘शाही मेहमान’ की तरह ट्रीट करती नजर आ रही हैं। उन्होंने सिलेंडर को ‘किंग गैस’ का ताज पहनाया है और उसे ‘वीआईपी’ बताते हुए उसकी खूब खातिरदारी कर रही हैं। यह रील ऐसे समय में आई है जब देशभर में गैस की कमी के कारण कई रेस्टोरेंट बंद हो रहे हैं और आम जनता परेशान है।

वीडियो में समीरा का मजाकिया अंदाज देखते ही बन रहा है, जहाँ वह अपने इस नए ‘वीआईपी गेस्ट’ को 500 रुपये के नोटों से हवा कर रही हैं। इतना ही नहीं, वह सिलेंडर को चाय और फूल भी ऑफर करती हैं और उसके साथ खुशी-खुशी सेल्फी ले रही हैं। उन्होंने रील के कैप्शन में चुटकी लेते हुए लिखा है, “यह पक्का कर रही हूँ कि यह मेहमान कभी वापस न जाए।” इस रील के जरिए समीरा ने देश के वर्तमान गैस संकट पर कटाक्ष करते हुए लोगों को हंसने का मौका दिया है।

समीरा की इस क्रिएटिविटी पर उनके फैंस और सेलेब्रिटीज जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। सैफ अली खान की बहन सबा पटौदी ने इस पर हंसने वाली इमोजी साझा की है, वहीं एक यूजर ने लिखा कि “उम्मीद है इतनी खातिरदारी के बाद यह वीआईपी ज्यादा नखरे नहीं दिखाएगा।” हालांकि समीरा लंबे समय से फिल्मों से दूर हैं, लेकिन अपनी सास और बच्चों के साथ बनाई गई ऐसी ही मजेदार और संदेशपरक रील्स के कारण वे इंटरनेट पर छाई रहती हैं। उनकी इस रील ने गंभीर संकट के बीच सोशल मीडिया यूजर्स के चेहरे पर मुस्कान ला दी है।

सियासी मियार की रीपोर्ट