पुष्पा का किरदार निभाना बेहद पसंद : करुणा पांडे

मुंबई, 03 अप्रैल। अभिनेत्री करुणा पांडे का कहना है कि सोनी सब के शो पुष्पा इम्पॉसिबल में उन्हें पुष्पा का किरदार निभाना बेहद पसंद है। सोनी सब का शो पुष्पा इम्पॉसिबल अपनी ज़मीन से जुड़ी कहानी और दमदार अभिनय के ज़रिए दर्शकों के दिलों को लगातार छू रहा है। हाल ही में दर्शकों ने शो में पुष्पा की ज़िंदगी का सबसे दर्दनाक पल देखा, जब झूठे रिश्वत के आरोप के चलते उसका वकील का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया।
यह सीक्वेंस कहानी का अहम मोड़ साबित हुआ, जहाँ पुष्पा अपनी पहचान से वंचित होकर सबसे नाज़ुक हालात में नज़र आई,लेकिन फिर भी अपने मूल्यों को थामे रही। इस भावनात्मक पल को पर्दे पर उतारना आसान नहीं था। करुणा पांडे ने पुष्पा के दर्द और संघर्ष को पूरी तरह महसूस करते हुए ऐसा अभिनय किया, जिसने दर्शकों को गहराई से जोड़ दिया।
करुणा पांडे ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा, “यह मेरे लिए शो का सबसे भावनात्मक और थकाने वाला सीक्वेंस था। पुष्पा के लिए उसका वकील का लाइसेंस सिर्फ़ एक कागज़ नहीं है।यह उसकी पहचान और आत्मसम्मान का प्रतीक है। अचानक और नाइंसाफ़ी के हालात में इसे छिन जाना बेहद तकलीफ़देह है। इन दृश्यों को निभाते समय मुझे लगातार बेबसी की भावना में रहना पड़ा, जिससे भावनात्मक तौर पर काफी असर हुआ। कई बार मुझे टेक्स के बीच रुककर खुद को संभालना पड़ा क्योंकि भावनाएँ बहुत सच्ची लग रही थीं। लेकिन ऐसे ट्रैक ही मुझे याद दिलाते हैं कि पुष्पा का किरदार निभाना क्यों मुझे इतना पसंद है,
वह टूटती है, लेकिन कभी हार नहीं मानती। यही जज़्बा उसे इतना प्रेरणादायक बनाता है।”
पुष्पा इम्पॉसिबल, हर सोमवार से शनिवार रात 9:30 बजे, सिर्फ़ सोनी सब पर प्रसारित होता है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal