Sunday , April 5 2026

तमिलनाडु में बीजेपी कर क्या रही, अन्नामलाई को टिकट नहीं मिलने पर चर्चा हुई तेज

तमिलनाडु में बीजेपी कर क्या रही, अन्नामलाई को टिकट नहीं मिलने पर चर्चा हुई तेज

प्रदेश अध्यक्ष बोले— हाईकमान का फैसला

चेन्नई, 05 अप्रैल । तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी की उम्मीदवार सूची में के अन्नामलाई का नाम नहीं होने से राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नैनार नागेन्द्रन ने स्पष्ट किया कि यह निर्णय पार्टी हाईकमान द्वारा लिया गया है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नागेंद्रन ने कहा कि घोषित 27 उम्मीदवारों की सूची केंद्रीय नेतृत्व की सहमति से तैयार की गई है और पार्टी को विश्वास है कि सभी उम्मीदवार चुनाव में जीत हासिल करेंगे। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि उम्मीदवार चयन पूरी तरह रणनीतिक आधार पर किया गया है। अन्नामलाई को तमिलनाडु भाजपा का आक्रामक और लोकप्रिय चेहरा माना जाता है, ऐसे में उनका नाम सूची में न होना चर्चा का विषय बना हुआ है।
चुनाव से दूर नहीं प्रचार करुंगा: अन्नामलाई
हालांकि, अन्नामलाई ने स्थिति को स्पष्ट करते हुए कहा, कि वे चुनावी प्रक्रिया से दूर नहीं हैं, बल्कि पार्टी के लिए सक्रिय रूप से प्रचार करेंगे। उन्हें तमिलनाडु के साथ-साथ पुडुचेरी और केरल में भी चुनाव प्रचार की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस बीच, भाजपा सांसद तेजस्वी सुर्या ने अन्नामलाई की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि वे पार्टी के सबसे लोकप्रिय नेताओं में से एक हैं और उनका प्रचार अभियान भाजपा के लिए फायदेमंद साबित होगा।
भाजपा के हिस्से में 27 सीटें
तमिलनाडु में इस बार भाजपा, ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रही है। सीट बंटवारे के तहत राज्य की कुल 234 सीटों में से एआईएडीएमके 178 सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी, जबकि भाजपा 27 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अन्नामलाई को टिकट न देने के बावजूद उन्हें प्रचार की कमान सौंपना भाजपा की व्यापक रणनीति का हिस्सा हो सकता है, जिससे पार्टी उनके जनाधार का अधिकतम लाभ उठाना चाहती है।

सियासी मियार की रीपोर्ट