एनबीसीसी का नवीनीकृत कॉर्पोरेट कार्यालय हुआ उद्घाटित, आधुनिक कार्यसंस्कृति और स्थिरता की झलक

नई दिल्ली, 05 अप्रैल। आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय के सचिव श्री श्रीनिवास कातिकिथला ने लोधी रोड स्थित एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड के नवनिर्मित एवं नवीनीकृत कॉर्पोरेट कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मंत्रालय के संयुक्त सचिव एवं वित्तीय सलाहकार संजीत, एनबीसीसी के सीएमडी डॉ. के.पी. महादेवस्वामी, निदेशक (वित्त) अंजीव कुमार जैन, मुख्य सतर्कता अधिकारी श्रीमती ऋतु पांडे सहित स्वतंत्र निदेशक और कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह पारंपरिक विधियों के साथ संपन्न हुआ, जिसमें पूजा-अर्चना, दीप प्रज्वलन और उद्घाटन पट्टिका का अनावरण शामिल रहा। इसके बाद अतिथियों ने कार्यालय परिसर का अवलोकन किया और अधिकारियों व कर्मचारियों से संवाद किया।
अपने संबोधन में कातिकिथला ने देश के निर्माण में एनबीसीसी के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक, कुशल और पर्यावरण के अनुकूल कार्यस्थल उत्पादकता बढ़ाने और नवाचार को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
एनबीसीसी के सीएमडी डॉ. महादेवस्वामी ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कंपनी राष्ट्रीय प्राथमिकताओं के अनुरूप एक आधुनिक, गतिशील और जन-केंद्रित संगठन के रूप में आगे बढ़ने के लिए प्रतिबद्ध है।
करीब 40,000 वर्ग फुट में फैला यह नवीनीकृत कार्यालय एनबीसीसी के विकास और परिवर्तन की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। कार्यालय में वायरलेस कनेक्टिविटी, आईओटी आधारित सिस्टम और आधुनिक चार्जिंग सुविधाओं सहित अत्याधुनिक तकनीक का समावेश किया गया है।
कार्यक्रम का समापन परियोजना में योगदान देने वाले श्रमजीवियों के सम्मान और सामुदायिक भंडारे के साथ हुआ।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal