सीमेंट, उपभोक्ता वस्तु कंपनियों को पेट्रोकेमिकल उत्पादों पर सीमा शुल्क कटौती से राहत की उम्मीद

नई दिल्ली, पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव के बीच उत्पादन और पैकेजिंग की बढ़ती लागत की चुनौतियों का सामना कर रहे उपभोक्ता वस्तुओं से लेकर सीमेंट जैसे उद्योगों को उम्मीद है कि विभिन्न पेट्रोकेमिकल उत्पादों पर सीमा शुल्क घटाने से निर्माताओं और अन्य संबंधित क्षेत्रों को बहुत राहत मिलेगी।
प्लास्टिक के लिए पेट्रोकेमिकल्स महत्वपूर्ण कच्चा माल हैं और इनकी कम लागत एफएमसीजी, खुदरा और उपभोक्ता वस्तु कंपनियों जैसे क्षेत्रों के लिए सस्ती पैकेजिंग सामग्री उपलब्ध कराती है। इससे सीमेंट जैसे अन्य क्षेत्रों को भी मदद मिलती है।
जेके लक्ष्मी सीमेंट के अध्यक्ष एवं निदेशक अरुण शुक्ला ने कहा कि 30 जून, 2026 तक पेट्रोकेमिकल उत्पादों की एक विस्तृत श्रृंखला पर बुनियादी सीमा शुल्क से छूट देने का सरकार का कदम उद्योग के लिए राहत बनकर आया है।
उन्होंने बताया कि सीमेंट क्षेत्र में पॉलीप्रोपाइलीन और पॉलीइथाइलीन जैसे पॉलिमर का उपयोग पैकेजिंग और कुछ मूल्यवर्धित अनुप्रयोगों में किया जाता है। शुक्ला ने कहा, ”इनकी कीमतों में किसी भी तरह की कमी से सीमेंट प्रेषण में दक्षता सुधारने में मदद मिल सकती है।”
सरकार ने बृहस्पतिवार को पश्चिम एशिया के संकट के बीच आपूर्ति स्थिरता सुनिश्चित करने और अंतिम उत्पादों के उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए महत्वपूर्ण पेट्रोकेमिकल उत्पादों के आयात को सीमा शुल्क से छूट दी थी।
पार्ले प्रोडक्ट्स के उपाध्यक्ष मयंक शाह ने कहा कि उद्योग अभी भी पेट्रोकेमिकल उत्पादों के आयात पर सीमा शुल्क छूट के प्रभाव का इंतजार कर रहा है।
उन्होंने कहा कि यदि इनपुट कीमतों में उम्मीद के मुताबिक गिरावट आती है, तो इससे कंपनियों को महत्वपूर्ण राहत मिलेगी, जिससे वे कीमतों में बढ़ोतरी किए बिना वर्तमान स्तर को बनाए रख सकेंगी।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal