अमेरिका-ईरान सीजफायर के बाद सोने-चांदी की कीमतों में आई भारी ‘सुनामी’
-भारतीय बाजार में गोल्ड 1.5 लाख के पार और चांदी रिकॉर्ड 2.44 लाख रुपये पर पहुंची

नई दिल्ली, 08 अप्रैल अमेरिका और ईरान के बीच दो सप्ताह के युद्धविराम (सीजफायर) के ऐलान के साथ ही वैश्विक और घरेलू सर्राफा बाजार में जबरदस्त हलचल देखी जा रही है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर आज सोने की कीमतों में 2.23% की भारी तेजी दर्ज की गई, जिससे यह 1,53,640 रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। वहीं, चांदी की कीमतों में करीब 13,000 रुपये प्रति किलो की ‘सुनामी’ आई है, जिसके बाद चांदी 2,44,770 रुपये के स्तर पर ट्रेड कर रही है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी स्पॉट गोल्ड और अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स में 3% से अधिक की तेजी देखी गई, जिसे बाजार विशेषज्ञ एक “रिलीफ रैली” के रूप में देख रहे हैं।
भू-राजनीतिक मोर्चे पर, पाकिस्तान की मध्यस्थता के बाद 10 अप्रैल को इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के बीच उच्च स्तरीय वार्ता होने जा रही है। हालांकि, निवेशकों के बीच अभी भी अनिश्चितता बनी हुई है क्योंकि ईरान ने स्पष्ट किया है कि युद्धविराम का अर्थ तनाव का पूर्ण अंत नहीं है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, सोने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 5,000 डॉलर प्रति औंस का स्तर एक बड़ा रेजिस्टेंस है। भविष्य में कीमती धातुओं की दिशा इस बात पर निर्भर करेगी कि इस्लामाबाद वार्ता कितनी सफल रहती है और क्या ईरान इस युद्धविराम की शर्तों का पूरी तरह पालन करता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें वैश्विक महंगाई को और अधिक भड़का सकती हैं, जिससे केंद्रीय बैंकों के लिए ब्याज दरों पर निर्णय लेना कठिन हो जाएगा। ऐसी अस्थिर स्थितियों में सोना हमेशा से सुरक्षित निवेश (Safe Haven) माना जाता रहा है, यही कारण है कि चांदी, प्लैटिनम और पैलेडियम जैसी अन्य कीमती धातुओं में भी 2% से 4% तक की बढ़त देखी गई है। फिलहाल निवेशकों की नजरें अमेरिका-ईरान वार्ता और वैश्विक आर्थिक संकेतों पर टिकी हैं, जिससे आने वाले दिनों में बाजार में और अधिक उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal