क्रिकेट जगत में नए धमाके की तैयारी! एशिया कप की तर्ज पर शुरू होगा नया T20 टूर्नामेंट, जानें कब से होगा आगाज

मुंबई, एशिया कप की तर्ज पर एक नए टूर्नामेंट की योजना बनाई जा रही है। यह टूर्नामेंट एशियाई नहीं बल्कि अफ्रीकी टीमों के बीच खेले जाने की संभावना है।
अफ्रीकी क्रिकेट में एक नए दौर की शुरुआत की तैयारी चल रही है। एशिया कप की तर्ज पर अब अफ्रीका में भी एक बड़े टी20 टूर्नामेंट के आयोजन की योजना बन रही है, जिसे लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। यह टूर्नामेंट महाद्वीप के क्रिकेट को नई पहचान देने के साथ-साथ आर्थिक रूप से भी मजबूत बना सकता है। हालांकि, इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के लिए फैंस को अभी कुछ समय इंतजार करना पड़ सकता है।
ACA की बड़ी योजना
अफ्रीका क्रिकेट एसोसिएशन एक महाद्वीपीय टी20 कप शुरू करने पर विचार कर रही है। इस टूर्नामेंट का मुख्य उद्देश्य इसे व्यावसायिक रूप से सफल बनाना है, ताकि इससे मिलने वाले फंड का इस्तेमाल अफ्रीकी क्रिकेट के विकास में किया जा सके। ACA का हाल ही में पुनर्गठन हुआ है और अब यह संस्था इस योजना को अमल में लाने के लिए अलग-अलग प्रस्तावों पर काम कर रही है।
विंडो और फॉर्मेट पर मंथन
इस टूर्नामेंट के 2027 से पहले शुरू होने की संभावना कम मानी जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभी दो बड़े मुद्दों पर चर्चा जारी है। पहला सही समय यानी टूर्नामेंट की विंडो तय करना और दूसरा टीमों के क्वालीफिकेशन का तरीका। इन दोनों पहलुओं पर सहमति बनना बेहद जरूरी है, ताकि टूर्नामेंट सफलतापूर्वक आयोजित किया जा सके।
CSA की अहम भूमिका
इस पूरे प्लान में क्रिकेट साउथ अफ्रीका की भूमिका काफी अहम मानी जा रही है। साउथ अफ्रीका अफ्रीका की सबसे मजबूत टीमों में से एक है और उसका अंतरराष्ट्रीय शेड्यूल भी काफी व्यस्त रहता है। CSA इस टूर्नामेंट के विचार का समर्थन करता है, लेकिन उसे अपने कैलेंडर में इसके लिए जगह निकालनी होगी, ताकि वह अपनी सर्वश्रेष्ठ टीम उतार सके।
ट्राई-सीरीज से हो सकती है शुरुआत
इसी साल जिम्बाब्वे क्रिकेट और CSA के बीच एक ट्राई-सीरीज को लेकर बातचीत चल रही है, जिसमें नामीबिया की टीम को भी शामिल किया जा सकता है। यह सीरीज विक्टोरिया फॉल्स में बनने वाले नए स्टेडियम के उद्घाटन के मौके पर आयोजित हो सकती है। इसे संभावित अफ्रीका टी20 कप के लिए एक ट्रायल के रूप में देखा जा रहा है।
हाल के समय में साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया के बीच क्रिकेट सहयोग तेजी से बढ़ा है। ये देश मिलकर 2027 वनडे वर्ल्ड कप की मेजबानी भी करेंगे, जिससे क्षेत्र में क्रिकेट को और मजबूती मिलेगी। ACA का लक्ष्य एशिया कप जैसा एक बड़ा टूर्नामेंट खड़ा करना है, जो खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मंच देगा और अफ्रीकी क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा। अगर सब कुछ योजना के मुताबिक हुआ, तो आने वाले वर्षों में फैंस को एक रोमांचक अफ्रीका टी20 कप देखने को मिल सकता है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal