हिन्दू देवी-देवताओं पर अभद्र टिप्पणी, मामला दर्ज
भदोही, भदोही जिले में सोशल मीडिया पर हिन्दू देवी-देवताओं के बारे में अभद्र टिप्पणी और उनकी मूर्ति से छेड़छाड़ करते हुए वीडियो प्रसारित किये जाने के आरोप में पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि जिला सोशल मीडिया प्रकोष्ठ के प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार राय की शिकायत पर गोपीगंज थाने में ‘गरीब गौतम वीडियोज’ नामक फेसबुक आईडी संचालित करने वाले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धार्मिक भावनाएं भड़काने के आरोप में बुधवार को मामला दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया कि ‘गरीब गौतम वीडियोज’ नाम की फेसबुक आईडी से पांच अप्रैल की शाम से हिन्दू देवी देवताओं पर अभद्र टिप्पणी और उनकी मूर्तियों के साथ छेड़छाड़ का एक वीडियो प्रसारित किया जा रहा था, जिससे लोगों में आक्रोश था। ‘अंकुर 46’ नाम के एक यूजर ने पुलिस के सोशल मीडिया प्रकोष्ठ के प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार राय से इस बारे में शिकायत की थी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि निरीक्षक प्रवीण कुमार राय की तरफ से इस मामले में स्क्रीन शॉट के साथ फेसबुक आईडी ‘गरीब गौतम वीडियोज’ के अज्ञात संचालक के खिलाफ सांप्रदायिक सौहार्द को बिगड़ने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि फेसबुक आईडी संचालक की तलाश की जा रही है।
‘सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal