स्टालिन का परिसीमन विधेयक की प्रति जलाना राजनीति से प्रेरित कदम : भाजपा नेता शशिधर रेड्डी

हैदराबाद, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन द्वारा परिसीमन विधेयक की प्रति जलाने पर आपत्ति जताते हुए भाजपा की तेलंगाना इकाई के नेता एम. शशिधर रेड्डी ने आरोप लगाया है कि द्रमुक का यह विरोध प्रदर्शन अगले सप्ताह होने वाले विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए सुनियोजित तरीके से किया गया था।
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) के पूर्व उपाध्यक्ष रेड्डी ने यहां बयान दिया कि पिछले साल चेन्नई में स्टालिन के नेतृत्व में हुई सर्वदलीय बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से संसद में यह आश्वासन देने का आग्रह किया गया था कि 1971 की जनगणना के आधार पर लोकसभा सीट का आवंटन 2026 के बाद भी बढ़ाया जाए।
उन्होंने बृहस्पतिवार को कहा, ‘‘महिला आरक्षण को ध्यान में रखते हुए वर्तमान प्रस्ताव 1971 के आधार पर लोकसभा सीट के वितरण को बदलने का नहीं बल्कि सभी राज्यों के लिए 50 प्रतिशत सीट जोड़ने का है, जो विशेष रूप से पिछली कांग्रेस के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार की राजनीतिक इच्छाशक्ति की कमी के कारण कई दशकों से अधूरी रही है।’’
उन्होंने कहा कि परिसीमन को दक्षिणी राज्यों के खिलाफ साजिश कहना राजनीतिक रूप से प्रेरित कदम है।
अविभाजित आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एम. चेन्ना रेड्डी के पुत्र शशिधर रेड्डी ने प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व के लिए उन्हें धन्यवाद दिया।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal