श्रीकृष्ण के पोस्टर पर विवाद: मलप्पुरम में एक और मामला दर्ज

मलप्पुरम (केरल), कोट्टक्कल में कथित रूप से दो रेस्तरां के प्रचार के लिए तैयार किए गए उस पोस्टर को लेकर एक और मामला दर्ज किया गया है जिसमें भगवान श्रीकृष्ण को ‘कुझी मंडी’ नामक एक अरब मांसाहारी व्यंजन के साथ दिखाया गया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि कोट्टक्कल के परंबिलंगडी स्थित ‘अरेबियन मजलिस’ और ‘रायदान’ रेस्तरां के नाम से यह पोस्टर सोशल मीडिया मंचों पर प्रसारित होने के बाद कोट्टक्कल पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया।
पुलिस ने बताया कि पोस्टर में विशु की शुभकामनाएं देते हुए भगवान श्रीकृष्ण के साथ ‘कुझी मंडी’ को दिखाया गया था।
अधिकारियों ने बताया कि रेस्तरां मालिकों को पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा और इसका पता लगाने के लिए जांच की जा रही है कि यह पोस्टर किसने बनाया है।
कोट्टक्कल निवासी द्वारा भारतीय न्याय संहिता की धारा 192 (दंगा भड़काने के इरादे से जानबूझकर उकसाना) के तहत दायर शिकायत के आधार पर यह मामला दर्ज किया गया था।
इससे पहले चेरथला और मनकडा पुलिस थानों में इसी तरह के दो मामले दर्ज किए गए थे और रेस्तरां मालिकों को गिरफ्तार किया गया था।
अलप्पुझा के चेरथला में हुई घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक और पोस्टर सामने आया, जिसमें एक मुस्लिम व्यक्ति को मस्जिद के सामने सूअर का मांस खाते हुए दिखाया गया था। इस संबंध में एक अलग मामला दर्ज किया गया।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal