सी-डॉट ने साइबर सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने के लिए जंप्स ऑटोमेशन के साथ की साझेदारी

नई दिल्ली, 21 अप्रैल। सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ टेलीमैटिक्स (सी-डॉट) ने साइबर सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष गेमिफिकेशन प्लेटफॉर्म विकसित करने के लिए जंप्स ऑटोमेशन के साथ साझेदारी की है।
सी-डॉट कोलैबोरेटिव रिसर्च प्रोग्राम (सीसीआरपी) के तहत जंप्स ऑटोमेशन के साथ किये गये समझौता ज्ञापन (एमओयू) का उद्देश्य आम लोगों और उद्यमों में साइबर सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने के लिए एक नवोन्मेषी गेमिफिकेशन प्लेटफॉर्म विकसित करना है।
सी-डॉट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजकुमार उपाध्याय और जंप्स ऑटोमेशन के प्रौद्योगिकी प्रमुख रोहण चंदक की मौजूदगी में एक समारोह के दौरान इस एमओयू पर हस्ताक्षर किये गये।
इस साझेदारी का मुख्य उद्देश्य साइबर सुरक्षा जागरूकता को सुदृढ़ करना, साइबर सुरक्षा तैयारियों को बढ़ाना और पारंपरिक प्रशिक्षण को एक आकर्षक, संवाद आधारित और प्रभावी शिक्षण अनुभव में बदलना है। इस प्लेटफॉर्म में गेमिंग एरिना, लीडरबोर्ड, लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम, चर्चा के लिए मंच और फिशिंग अटैक, सोशल इंजीनियरिंग, मैलवेयर से बचाव और समय सीमा के भीतर संकट प्रबंधन जैसे विषयों पर आधारित वास्तविक सिमुलेशन परिदृश्य शामिल होंगे। इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से संगठन साइबर सुरक्षा को और अधिक मजबूत बना सकते हैं।
इस प्लेटफॉर्म को जंप्स ऑटोमेशन की एआई और स्वचालन विशेषज्ञता एवं सी-डॉट की स्वदेशी दूरसंचार तथा सुरक्षा प्रौद्योगिकी क्षमताओं के संयोजन से तैयार किया जायेगा। इसे भविष्य में उद्यमों के साथ एकीकृत करने के प्रावधानों के साथ एक वाणिज्यिक-स्तरीय एसएएएस (सॉफ्टवेयर एज ए सर्विस) समाधान के रूप में विकसित किये जाने की उम्मीद है।
डॉ. उपाध्याय ने कहा कि इस मंच का उद्देश्य उपयोगकर्ताओं को साइबर खतरों को प्रभावी ढंग से पहचानने और उनसे निपटने और वैश्विक सर्वोत्तम प्रणालियों को अपनाने में सक्षम बनाना है, जिससे देश में साइबर सुरक्षा जागरूकता को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal