तेलंगाना: आवारा कुत्तों के हमले में तीन साल की बच्ची की मौत

करीमनगर, 22 अप्रैल। तेलंगाना के पेद्दापल्ली जिले में सोमवार को आवारा कुत्तों के झुंड के हमले में तीन वर्षीय एक बच्ची की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि यह घटना उस समय घटी, जब बच्ची कटनेपल्ली गांव के बाहरी इलाके स्थित ईंट के भट्ठे पर मजदूरों के रिहायशी इलाके के पास खेल रही थी कि तभी कुत्तों ने उस पर हमला कर दिया और उसे घसीटकर पास के खेत में ले गए।
अधिकारियों ने बताया कि बच्ची के माता-पिता ओडिशा के रहने वाले हैं और ईंट भट्ठे में मजदूर के रूप में काम करते हैं।
एक अधिकारी ने प्रारंभिक जानकारी के आधार पर बताया कि बच्ची के घर न लौटने पर परिवार वालों ने उसकी तलाश की लेकिन वह खेत में मृत पाई गई।
पुलिस अधिकारी ने परिवार के सदस्यों के हवाले से बताया कि बच्ची के हाथों और गर्दन पर काटने के निशान थे तथा गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मौत के सटीक कारण का पता लगाने के लिए शव को सुल्तानबाद मंडल के सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal