Saturday , April 25 2026

अब फ्रांस के रास्ते हवाई यात्रा करने पर भारतीयों को नहीं पड़ेगी ट्रांजिट वीजा की जरूरत

अब फ्रांस के रास्ते हवाई यात्रा करने पर भारतीयों को नहीं पड़ेगी ट्रांजिट वीजा की जरूरत

नई दिल्ली, पश्चिम-एशिया सहित खाड़ी क्षेत्र में जारी युद्ध के बीच फ्रांस से भारत के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। जिसमें यह पता चला है कि अब देश के लोगों को फ्रांस के रास्ते हवाई यात्रा करने पर एयरपोर्ट ट्रांजिट वीजा की जरूरत नहीं पड़ेगी। क्योंकि फ्रांस ने ट्रांजिट वीजा से जुड़ी इस अनिवार्यता को पूरी तरह से खत्म करने का निर्णय लेते हुए उसे 10 अप्रैल से लागू कर दिया है। भारत ने फ्रांस के इस फैसले का स्वागत किया है। यह जानकारी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने राजधानी में आयोजित साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग के दौरान दी है।
उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की फरवरी-2026 में हुई भारत यात्रा के दौरान मुंबई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हुई उच्च-स्तरीय बैठक में सहमति बनी थी। जिसके बाद फ्रांस की तरफ से यह महत्वपूर्ण पहल की गई है। रणधीर ने कहा, फ्रांस का यह फैसला दोनों देशों के बीच संबंधों में बढ़ती मजबूती को प्रदर्शित करता है। जिसे फ्रांस के राष्ट्रपति की भारत यात्रा के दौरान विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाया गया था। ट्रांजिट वीजा की आवश्यकता को खत्म करने से भारत, फ्रांस के बीच आम लोगों की आवाजाही और अधिक आसान हो जाएगी। वहीं, फ्रांस के दूतावास ने बताया कि फ्रांस का यह निर्णय खासतौर पर उन भारतीय लोगों के लिए बड़ी राहत लेकर आएगा। जो यूरोप, अमेरिका के साथ-साथ दुनिया के अन्य देशों की कनेक्टिंग फ्लाइट्स फ्रांस के हवाईअड्डों से ट्रांजिट वीजा के माध्यम से पकड़ते हैं। अब उन्हें हवाईअड्डे के अंतरराष्ट्रीय ट्रांजिट जोन से गुजरते समय ट्रांजिट वीजा की कोई जरूरत नहीं होगी। यह बदलाव राष्ट्रपति मैक्रों की भारत यात्रा के जुड़े फैसलों से संबंधित है। जिसके लिए फ्रांस की सरकार ने 10 मई 2010 के अपने पुराने नियमों में संशोधन किया और फिर इसे लेकर एक नया परामर्श जारी किया। 9 अप्रैल 2026 को इस संशोधन को फ्रांस के आधिकारिक गजट में प्रकाशित किया गया। 10 अप्रैल से यह नियम लागू हो गया है।

सियासी मियार की रीपोर्ट