सूरज बड़जात्या को खूब भाता है ‘प्रेम’

मुंबई, किसी खास नाम के प्रति फिल्मी दुनिया में निर्माता-निर्देशकों की आसक्ति रही है, उसी में एक नाम है ‘प्रेम’ जो निर्माता सूरज बड़जात्या का पसंदीदा नाम रहा है। सूरज बड़ाजात्या ने हाल ही में अपनी नई फिल्म “ये प्रेम मोल लिया” का एलान किया है।फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ में आयुष्मान खुराना और शरवरी की मुख्य भूमिका है। राजश्री प्रोडक्शंस और महावीर जैन फिल्म्स मिलकर इस फिल्म को बना रहे हैं।इस फिल्म के साथ राजश्री का मशहूर किरदार “प्रेम” 11 साल बाद बड़े पर्दे पर लौट रहा है। इस बार इस किरदार को पहली बार आयुष्मान खुराना निभा रहे हैं, जो अपने सादे और शरारती अंदाज़ से इसे खास बनाते हैं।
निर्माता-निर्देशक सूरज बड़जात्या लगभग अपनी हर फिल्म में हीरो का नाम ‘प्रेम’ रखते आये है और यह नाम उनके लिये भाग्यशाली साबित होता आया है।सूरज बड़जात्या ने सबसे पहले वर्ष 1989 में प्रदर्शित सुपरहिट फिल्म मैने प्यार किया के माध्यम से सलमान खान को पहली बार ‘प्रेम’ की भूमिका में दर्शको के सामने पेश किया था। युवा प्रेम कथा पर आधारित फिल्म मैने प्यार किया ने दर्शको के दिल में अपनी छाप छोड़ी।इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छी सफलता अर्जित की। इसके बाद सूरज बड़जात्या को ‘प्रेम’ नाम कुछ ऐसा जंचा कि उन्होंने यह निश्चय कर लिया कि यदि वे किसी फिल्म का निर्माण करेगें तो उसमे अभिनेता का नाम ‘प्रेम’ अवश्य रखेगें।
सूरज बड़जात्या ने इसके बाद वर्ष 1994 में प्रदर्शित ब्लॉकबस्टर फिल्म हम आपके हैं कौन में दूसरी बार सलमान खान को ‘प्रेम’ के किरदार निभाने का मौका दिया। मैने प्यार किया के ‘प्रेम’ की तुलना में हम आपके है कौन का ‘प्रेम’ दर्शको को कुछ ज्यादा हीं पसंद आया।पारिवारिक पृष्ठभूमि पर बनी फिल्म हम आपके हैं कौन ने बॉक्स ऑफिस पर सफलता के नये कीर्तिमान स्थापित किये।
अपनी पिछली फिल्म मैने प्यार किया और हम आपके है कौन की सफलता से उत्साहित सूरज बड़जात्या ने ‘प्रेम’ नाम को एक बार फिर से अपनी वर्ष 1999 में प्रदर्शित फिल्म हम साथ साथ है में सलमान खान के किरदार के रूप में पेश किया ,लेकिन इस बार फिल्म ने अपेक्षित सफलता अर्जित नही की। माना जाता है इस फिल्म में प्रेम के किरदार को प्रभावशाली ढंग से पेश नही किया गया था।
सूरज बड़जात्या को फिल्म के किरदार प्रेम पर इस कदर भरोसा था कि उन्होंने वर्ष 2003 में प्रदर्शित फिल्म मैं प्रेम की दीवानी हूँ में ऋतिक रौशन और अभिषेक बच्चन दोनों को ही ‘प्रेम’ नाम से दर्शको के सामने पेश किया, लेकिन कमजोर पटकथा के कारण यह फिल्म बॉक्स आफिस पर पिट गई। इसके बाद सूरज बड़जात्या ने महसूस किया कि फिल्म के किरदार का नाम ‘प्रेम’ रख लेने से ही फिल्म सफल नही हो जाती है। इसके लिये उन्होंने फिल्म की कहानी और संगीत की ओर भी ध्यान देना शुरू कर दिया और वर्ष 2006 में फिल्म विवाह के जरिये शाहिद कपूर को ‘प्रेम’ के रूप में पेश किया ।इस फिल्म में उन्होंने शाहिद कपूर के ‘प्रेम’ के किरदार को दर्शको की मनोभावना के अनुरूप पेश किया।पारिवारिक पृष्ठभूमि और शादी जैसे संजीदा रिश्ते पर आधारित इस फिल्म ने न सिर्फ सूरज बड़जात्या को अपनी खोई पहचान दिलाई, बल्कि अभिनेता शाहिद कपूर को भी संजीदा अभिनेता के रूप में फिल्म इंडस्ट्री में स्थापित किया।
वर्ष 2008 मे प्रदर्शित फिल्म एक विवाह ऐसा भी के जरिये सूरज बड़जात्या ने सोनू सूद को ‘प्रेम’ के किरदार के जरिये दर्शकों के बीच पेश किया। इस फिल्म को टिकट खिड़की पर औसत सफलता मिली। वर्ष 2015 में सूरज बड़ाजात्या के निर्देशन में बनी फिल्म प्रेम रतन धन पायो के टाइटल में जहां ‘प्रेम’ नाम है,वहीं फिल्म के किरदार का नाम भी ‘प्रेम’ है। हालांकि प्रेम रतन धन पायो में सलमान खान की दोहरी भूमिका है, लेकिन उनके एक किरदार का नाम ‘प्रेम’ भी है। फिल्म प्रेम रतन धन पाये बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई थी। अब लंबे समय के बाद सूरज बड़जात्या, आयुष्मान खुराना को “ये प्रेम मोल लिया” में ‘प्रेम‘ के किरदार में पेश करेंगे। देखना दिलचस्प होगा कि सूरज का नया ‘प्रेम’ दर्शकों का प्यार पाने में कितना सफल हो पाता है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal