बंगाल चुनाव: भवानीपुर निर्वाचन क्षेत्र के कालीघाट और अलीपुर पुलिस थाने के प्रभारी बदले गए

कोलकाता, 27 अप्रैल। कोलकाता पुलिस ने शनिवार को कालीघाट और अलीपुर पुलिस थानों के लिए नए थाना प्रभारियों (ओसी) की नियुक्ति की। ये दोनों थाने चर्चित भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आते हैं, जहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता शुभेंदु अधिकारी से है।
पुलिस आयुक्त अजय नंद द्वारा जारी आदेश में कहा गया गया है कि ये तबादले मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी निर्देशों के अनुपालन में किए गए हैं।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में सबसे चर्चित निर्वाचन क्षेत्रों में से एक भवानीपुर में दूसरे चरण के तहत 29 अप्रैल को मतदान होगा।
आदेश में कहा गया है कि विशेष शाखा के निरीक्षक गौतम दास को कालीघाट थाने का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है, जबकि दक्षिण संभाग के निरीक्षक सुब्रत पांडेय को अलीपुर थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
विशेष शाखा के निरीक्षक उत्तम कुमार पाइक को कालीघाट थाने का अतिरिक्त थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है।
इस बीच, अलीपुर थाने में अतिरिक्त ओसी के रूप में कार्यरत रहीं निरीक्षक चमेली मुखर्जी का तबादला कर उन्हें उल्टाडांगा महिला थाने का ओसी बनाया गया है।
एक अधिकारी ने कहा, ‘‘चुनाव प्रक्रिया के दौरान निष्पक्षता सुनिश्चित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा नियमित रूप से इस तरह के प्रशासनिक फेरबदल किए जाते हैं।’
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को हुआ था, जबकि मतों की गिनती चार मई को होगी।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal