पंजाब किंग्स का ऐतिहासिक कारनामा, 265 रन का लक्ष्य किया हासिल, चहल बोले—हमारी बल्लेबाजी से हर टीम डरेगी

नई दिल्ली, इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में पंजाब किंग्स ने इतिहास रचते हुए 265 रन का विशाल लक्ष्य हासिल कर लिया। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पंजाब ने दिल्ली कैपिटल्स को 6 विकेट से हराया। यह आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा सफल रन चेज है, जिसमें टीम ने 7 गेंद शेष रहते जीत दर्ज की।
पंजाब की जीत की नींव ओपनरों ने रखी। प्रभसिमरन सिंह ने 26 गेंदों में 76 रन की विस्फोटक पारी खेली, जबकि प्रियांश आर्या ने 17 गेंदों में 43 रन बनाकर उनका शानदार साथ दिया। दोनों ने मिलकर पावरप्ले में बिना विकेट खोए 116 रन जोड़ दिए, जिससे लक्ष्य आसान होता चला गया।
इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने 36 गेंदों में 71 रन की संयमित पारी खेलकर टीम को जीत तक पहुंचाया। पूरी पारी में पंजाब ने 20 चौके और 20 छक्के लगाए, यानी 200 रन सिर्फ बाउंड्री से आए।
मैच के बाद युजवेंद्र चहल ने कहा, “प्रभसिमरन और प्रियांश ने हमें शानदार शुरुआत दी। इससे हमारे मिडिल ऑर्डर बल्लेबाजों का काम आसान हो गया। हमारी बल्लेबाजी लाइन-अप का सामना करना किसी भी टीम के लिए मुश्किल होगा।”
चहल ने ड्रेसिंग रूम के माहौल पर भी कहा कि टीम शुरू से ही सकारात्मक थी और उसे अपनी बल्लेबाजी क्षमता पर पूरा भरोसा था। उन्होंने कोच रिकी पोंटिंग की भी सराहना करते हुए कहा कि प्रभसिमरन के विकास में उनका बड़ा योगदान रहा है।
इस जीत के साथ पंजाब किंग्स का विजई क्रम सात मैचों तक पहुंच गया है और टीम 13 अंकों के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर बनी हुई है। पंजाब अब 28 अप्रैल को न्यू चंडीगढ़ में राजस्थान रॉयल्स से भिड़ेगी।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal