Saturday , May 2 2026

नीट परीक्षा में ओएमआर शीट भरने के दौरान न करें ये छोटी गलतियां, वरना रद्द हो सकती है आपकी उत्तर पुस्तिका

नीट परीक्षा में ओएमआर शीट भरने के दौरान न करें ये छोटी गलतियां, वरना रद्द हो सकती है आपकी उत्तर पुस्तिका

नई दिल्ली, 02 मई। मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट (यूजी) 2026 का काउंटडाउन शुरू हो चुका है और इस बार सफलता केवल सही उत्तरों पर नहीं, बल्कि ओएमआर (ओएमआर) शीट भरने की सटीकता पर भी निर्भर करेगी। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने चेतावनी दी है कि ओएमआर शीट पूरी तरह मशीन द्वारा स्कैन की जाती है, इसलिए गोला अधूरा भरने, टिक मार्क करने या एक से अधिक विकल्प चुनने पर सही उत्तर को भी अमान्य घोषित कर दिया जाएगा। परीक्षार्थियों को सलाह दी गई है कि वे ओएमआर भरने के लिए अंत में कम से कम 15 मिनट का समय सुरक्षित रखें और प्रत्येक प्रश्न संख्या का मिलान करने के बाद ही गहरा नीला या काला गोला भरें।

इस साल 3 मई को आयोजित होने वाली परीक्षा के लिए रिकॉर्ड 22,79,743 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है, जो अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। विशेष रूप से चिकित्सा क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती रुचि ने सबको चौंकाया है; कुल आवेदकों में से 13,32,928 महिलाएं हैं, जो कुल हिस्सेदारी का लगभग 58 प्रतिशत है। पुरुष उम्मीदवारों की संख्या 9,46,815 दर्ज की गई है। एनटीए के अनुसार, ओएमआर शीट में सुधार या ओवरराइटिंग की कोई गुंजाइश नहीं होती, इसलिए पहली बार परीक्षा दे रहे छात्रों को सलाह दी गई है कि वे सैंपल शीट पर घर पर ही टाइमर लगाकर अभ्यास करें ताकि ऐन वक्त पर घबराहट न हो।

देशभर में 3 मई को होने वाली परीक्षा के दिन कई राज्यों में बारिश और आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है। इसके मद्देनजर एनटीए ने परीक्षार्थियों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। उम्मीदवारों को निर्देश दिया गया है कि वे मौसम और संभावित जलभराव को देखते हुए अपने केंद्रों के लिए समय से पहले रवाना हों। ध्यान रहे कि परीक्षा केंद्रों के गेट दोपहर 1:30 बजे सख्ती से बंद कर दिए जाएंगे, जिसके बाद किसी भी स्थिति में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। छात्र अपने साथ एडमिट कार्ड के साथ-साथ मौसम के अनुकूल आवश्यक प्रबंध और पहचान पत्र ले जाना न भूलें ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।

सियासी मियार की रीपोर्ट