अमेजन इंडिया घरों तक सामान पहुंचाने वालों के लिए विश्राम केंद्रों की संख्या बढ़ाकर 250 करेगी

नई दिल्ली अमेजन इंडिया इस वर्ष अपने ‘डिलीवरी’ भागीदार यानी घरों तक सामान पहुंचाने वालों के लिए 150 नए आश्रय केंद्र स्थापित करेगी। इससे वर्ष 2026 के अंत तक इनकी संख्या बढ़कर 250 हो जाएगी। कंपनी ने शुक्रवार को जारी एक बयान में यह जानकारी दी।
कंपनी के बयान के अनुसार, इस विस्तार के तहत मई के अंत तक 50 नए केंद्र खोले जाएंगे।
अमेजन इंडिया के संचालन निदेशक सलीम आर मेमन ने कहा कि कंपनी के लिए उसके परिचालन नेटवर्क में काम करने वाले सहयोगियों का स्वास्थ्य, सुरक्षा और कल्याण सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मेमन ने कहा, “ये आश्रय केंद्र इस सरल विचार पर आधारित है कि हर डिलिवरी भागीदार, चाहे वह अमेजन के लिए डिलिवरी करता हो या नहीं, को अपने काम के दौरान आराम करने के लिए एक स्वच्छ और ठंडी जगह मिलनी चाहिए। केंद्रों की संख्या 250 तक बढ़ाना और मोबाइल इकाइयों के जरिए इन सुविधाओं को सीधे डिलिवरी चालकों तक पहुंचाना हमारी इसी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।”
कंपनी ने बताया कि यह विस्तार हाल ही में घोषित 2,800 करोड़ रुपये से अधिक के व्यापक निवेश का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य डिलिवरी भागीदरों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और कल्याण को मजबूत करना है।
कंपनी के अनुसार, इन आश्रय केंद्रों में वातानुकूलित बैठने की सुविधा, पेयजल, मोबाइल चार्जिंग की सुविधा, स्वच्छ शौचालय, प्राथमिक उपचार किट और आरामदायक विश्राम स्थल उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि विशेषकर गर्मी के मौसम में डिलिवरी भागीदरों को राहत मिल सके।
अमेजन इंडिया वर्तमान में देश के 16 शहरों में 100 आश्रय केंद्र संचालित कर रही है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal