मिशेल मार्श टीम की जीत से गदगद, शतक से चूकने का नहीं हैं गम

नई दिल्ली, आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स ने इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स को 7 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस मुकाबले के हीरो ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज मिशेल मार्श रहे, जिन्होंने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। उनकी शानदार पारी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। मैच के बाद मार्श ने कहा कि लंबे समय बाद मिली यह जीत टीम के लिए काफी संतोषजनक रही। उन्होंने जोश इंग्लिस के साथ हुई बड़ी साझेदारी को भी जीत का अहम कारण बताया।
मिशेल मार्श ने कहा कि जोश इंग्लिस के साथ बल्लेबाजी करना आसान रहता है क्योंकि वह दबाव कम कर देते हैं। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 70 गेंदों पर 135 रन की साझेदारी कर मैच को एकतरफा बना दिया। हालांकि लखनऊ सुपर जायंट्स पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है, लेकिन मार्श ने टीम के युवा खिलाड़ियों की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि टीम में कई प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ी हैं और उनके साथ खेलना काफी आनंददायक अनुभव रहा है।
188 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ की शुरुआत बेहद आक्रामक रही। मिशेल मार्श ने सिर्फ 38 गेंदों में 90 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। उन्होंने चेन्नई के गेंदबाजों पर शुरुआत से दबाव बनाए रखा। जोश इंग्लिस ने भी 32 गेंदों में 36 रन का अहम योगदान दिया। अंत में निकोलस पूरन ने 17 गेंदों में नाबाद 32 रन बनाकर टीम को जीत तक पहुंचाया, जबकि मुकुल चौधरी 13 रन बनाकर नाबाद लौटे।
इससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 187 रन बनाए थे। चेन्नई की ओर से युवा बल्लेबाज कार्तिक शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 42 गेंदों में 71 रन बनाए। उनकी पारी में 6 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। शिवम दुबे ने 32 रन और डेवाल्ड ब्रेविस ने 25 रन का योगदान दिया। लखनऊ की ओर से आकाश महाराज सिंह सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 4 ओवर में 26 रन देकर 3 विकेट झटके। इस हार के बाद चेन्नई सुपर किंग्स अंक तालिका में छठे स्थान पर पहुंच गई है। टीम के 12 मैचों में 6 जीत और 6 हार के साथ 12 अंक हैं। वहीं लखनऊ सुपर जायंट्स पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है और टीम अंक तालिका में दसवें स्थान पर बनी हुई है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal