वैश्विक कारकों से मिलेगी शेयर बाजार को दिशा

मुंबई, 17 मई घरेलू शेयर बाजारों में बीते सप्ताह रही गिरावट के बाद आने वाले सप्ताह में निवेशकों की नजर वैश्विक कारकों पर रहेगी।
वैश्विक स्तर पर अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता फिलहाल दोबारा शुरू होती नहीं दिख रही है। इससे दुनिया भर में शेयर बाजार दबाव में हैं। विशेषकर होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर समाधान नहीं निकलने से वैश्विक व्यापार प्रभावित हो रहा है। निवेशकों के लिए यह एक बड़ा कारक है।
अगले सप्ताह सेंसेक्स की कंपनियों आईटीसी और एनटीपीसी के अलावा तेल एवं गैस सेक्टर की चार बड़ी कंपनियों इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन, भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन, इंद्रप्रस्थ गैस और गेल के तिमाही और वार्षिक परिणाम आने वाले हैं। इन आंकड़ों से पता चलेगा कि पश्चिम एशिया संकट के पहले एक महीने में इन कंपनियों पर कितना प्रभाव पड़ा।
पिछले सप्ताह बीएसई का सेंसेक्स 2,090.2 अंक (2.70 प्रतिशत) लुढ़ककर 75,237.99 अंक पर आ गया। सोमवार और मंगलवार को बाजार में बड़ी गिरावट देखी गई जबकि बुधवार और गुरुवार को लिवाली का जोर रहा। शुक्रवार को सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिवस पर एक बार फिर बिकवाली हावी रही।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक 532.65 अंक यानी 2.20 प्रतिशत की साप्ताहिक गिरावट के साथ सप्ताहांत पर 23,643.50 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक में 2.01 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक में 4.56 प्रतिशत की गिरावट रही।
सेंसेक्स की कंपनियों में बीते सप्ताह टाइटन का शेयर 7.64 प्रतिशत लुढ़क गया। रिलायंस इंडस्ट्रीज में 6.92 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा में 6.21, इटरनल में 5.97, भारतीय स्टेट बैंक में 5.55, एचसीएल टेक्नोलॉजीज में 5.50, टीसीएस में 5.47 और इंफोसिस में 5.16 प्रतिशत की गिरावट रही।
बजाज फिनसर्व का शेयर 4.90 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस का 4.69, इंडिगो का 4.64, अल्ट्राटेक सीमेंट का 3.84, बीईएल का 3.65 प्रतिशत, मारुति सुजुकी का 3.64, ट्रेंट का 3.36 और पावर ग्रिड का 2.56 प्रतिशत उतर गया। एक्सिस बैंक का शेयर 1.93 फीसदी, एनटीपीसी का 1.80, एचडीएफसी बैंक का 1.72, एलएंडटी का 1.66, आईसीआईसीआई बैंक का 1.59 और हिंदुस्तान यूनीलिवर का 0.74 प्रतिशत की साप्ताहिक गिरावट में रहा।
अच्छे तिमाही परिणाम के कारण भारती एयरटेल का शेयर सप्ताह के दौरान 3.80 प्रतिशत उछल गया। अडानी पोर्ट्स में 2.01, सन फार्मा में 1.77, कोटक महिंद्रा बैंक में 1.72, टाटा स्टील में 1.10 और आईटीसी में 0.68 प्रतिशत की तेजी रही।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal