सीबीआई ने रिश्वत मामले में सीजीएसटी के अधीक्षक और निरीक्षक को रंगे हाथों किया गिरफ्तार

नई दिल्ली, 22 मई । केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने रिश्वतखोरी के एक मामले में केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) गिरिडीह के अधीक्षक बुधेश्वर सुंडी और निरीक्षक वीरजू कुमार को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपितों को शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम लेते समय रंगे हाथ पकड़ा गया।
सीबीआई ने मंगलवार को बताया कि मामले में शिकायत मिलने के बाद बुधवार को प्राथमिकी दर्ज की गई। आरोप था कि दोनों अधिकारियों ने शिकायतकर्ता के इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) मिलान संबंधी मामले को निपटाने के बदले 90 हजार रुपये की अवैध धनराशि की मांग की थी। आरोपितों ने कथित तौर पर रिश्वत नहीं देने पर शिकायतकर्ता का जीएसटी नंबर अवरुद्ध करने की धमकी भी दी थी।
जांच एजेंसी ने जाल बिछाकर कार्रवाई की और दोनों आरोपितों को 50 हजार रुपये की आंशिक रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। इसके बाद सीबीआई ने आरोपित अधिकारियों के कार्यालय और आवासीय परिसरों में तलाशी भी ली।
सीबीआई के अनुसार दोनों आरोपितों को धनबाद की सक्षम अदालत में पेश किया जाएगा। मामले की आगे की जांच जारी है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal