नितिन गडकरी ने असम की 4,178 किमी राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की समीक्षा की

नई दिल्ली, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने उच्चस्तरीय बैठक में असम की 4,178 किलोमीटर लंबी राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की गुणवत्ता और रखरखाव कार्यों की समीक्षा की।
यहां बुधवार को आयोजित हुई इस बैठक में केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा और हर्ष मल्होत्रा के अलावा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय तथा परियोजना निर्माण एजेंसियों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान नितिन गडकरी ने परियोजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन में तेजी लाने, गुणवत्ता निगरानी प्रणाली को मजबूत करने और आधुनिक निर्माण तकनीकों को अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सड़कों की टिकाऊ क्षमता और यात्रा गुणवत्ता बेहतर बनाने के लिए निर्माण मानकों का कड़ाई से पालन आवश्यक है।
केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को मानसून पूर्व तैयारियों को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए। उन्होंने मजबूत जल निकासी व्यवस्था, ढलानों की सुरक्षा तथा त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र विकसित करने को कहा, ताकि वर्षा के दौरान यातायात बाधित न हो और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal