बंगाल में ईडी का बड़ा एक्शन: पूर्व डिप्टी कमिश्नर की पुश्तैनी हवेली का ताला तोड़कर छापेमारी

बंगाल में ईडी का बड़ा एक्शन: पूर्व डिप्टी कमिश्नर की पुश्तैनी हवेली का ताला तोड़कर छापेमारी

कोलकाता, 22 मई पश्चिम बंगाल में मनी लॉन्ड्रिंग और लैंड सिंडिकेट से जुड़े मामलों की जांच के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शुक्रवार तड़के बड़ी कार्रवाई की है। कोलकाता पुलिस के पूर्व डिप्टी कमिश्नर शांतनु सिन्हा बिस्वास और लैंड माफिया बिस्वजीत पोद्दार उर्फ ‘सोना पप्पू’ से पूछताछ के बाद मिली जानकारी के आधार पर केंद्रीय जांच एजेंसी ने कोलकाता और मुर्शिदाबाद समेत कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।

जांच का मुख्य केंद्र मुर्शिदाबाद जिले के कंडी स्थित शांतनु सिन्हा बिस्वास की आलीशान हवेली रही। बिस्वास की गिरफ्तारी के बाद से ही यह पुश्तैनी घर बंद था, जहाँ ईडी अधिकारियों को कार्रवाई शुरू करने के लिए मुख्य द्वार का ताला तोड़ना पड़ा। इस हवेली में बिस्वास की बहन गौरी बिस्वास रहती हैं, जो स्थानीय नगर पालिका की वाइस-चेयरमैन हैं। एजेंसी यहाँ से मामले से जुड़े महत्वपूर्ण सबूत जुटाने का प्रयास कर रही है।

छापेमारी का दायरा सिर्फ हवेली तक सीमित नहीं रहा; ईडी की अलग-अलग टीमों ने मध्य कोलकाता के एक होटल और साउथ कोलकाता के कस्बा स्थित एक पुलिस अधिकारी के आवास पर भी तलाशी अभियान चलाया। सूत्रों के अनुसार, यह पुलिस अधिकारी शांतनु सिन्हा का बेहद करीबी माना जाता है। गिरफ्तार आरोपियों से हुई पूछताछ में सामने आए नामों के बाद यह कार्रवाई की गई है, जिससे सिंडिकेट से जुड़े अन्य बड़े चेहरों के खुलासे की उम्मीद है।

सियासी मियार की रीपोर्ट