पद्म श्री सम्मान समारोह में दिखा अनोखा नज़ारा: पुडुचेरी के सिलंबम गुरु ने प्रधानमंत्री मोदी के सामने जमीन पर लेटकर किया साष्टांग प्रणाम

हैदराबाद, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा आयोजित पद्म पुरस्कार समारोह में उस समय सभी की निगाहें थम गईं, जब पुडुचेरी के प्रसिद्ध सिलंबम गुरु के. पजानिवेल को सम्मानित किया गया। पुरस्कार ग्रहण करने से पूर्व पजानिवेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति अपनी गहरी श्रद्धा व्यक्त करते हुए उनके समक्ष जमीन पर लेटकर साष्टांग प्रणाम किया। इस अप्रत्याशित और भावुक दृश्य ने राष्ट्रपति भवन में उपस्थित सभी लोगों को चकित कर दिया।
के. पजानिवेल पुडुचेरी में पारंपरिक तमिल मार्शल आर्ट ‘सिलंबम’ के विख्यात प्रशिक्षक हैं। उन्होंने अपने जीवन का उद्देश्य इस प्राचीन युद्धकला के संरक्षण और प्रसार को बनाया है। पजानिवेल अब तक 5 हजार से अधिक विद्यार्थियों को बांस की लाठी के उपयोग पर आधारित इस अनूठी मार्शल आर्ट का प्रशिक्षण दे चुके हैं। उनकी इस उपलब्धि को देखते हुए ही उन्हें कला और संस्कृति के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए पद्म श्री से नवाजा गया है।
इस गरिमामई समारोह के पहले चरण में कुल 66 हस्तियों को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। इस वर्ष के पद्म पुरस्कारों में 5 पद्म विभूषण, 13 पद्म भूषण और 113 पद्म श्री सम्मान शामिल हैं। समारोह में कला, साहित्य, चिकित्सा और खेल जगत की नामचीन हस्तियों को उनकी सेवाओं के लिए राष्ट्रपति मुर्मू ने सम्मानित किया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों के दिग्गजों को एक साथ एक मंच पर देखना देश के लिए एक गर्व का क्षण रहा।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal