भांगर बम धमाका और चुनावी हिंसा मामला: NIA की बड़ी कार्रवाई, टीएमसी के पूर्व विधायक साओकत मोल्ला के नौ ठिकानों पर की छापेमारी

दक्षिण 24 परगना, पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में भांगर बम धमाके और चुनाव बाद हुई हिंसा की जांच के सिलसिले में नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने आज गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। जांच एजेंसी की टीमों ने तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक साओकत मोल्ला के जिबनताला स्थित घर सहित कुल नौ अलग-अलग स्थानों पर सघन छापेमारी की। भारी सुरक्षा बल की तैनाती के बीच हुई इस कार्रवाई ने इलाके में राजनीतिक हलचल तेज कर दी है।
पुत्र हिरासत में, तलाश जारी
छापेमारी के दौरान पूर्व विधायक अपने घर पर नहीं मिले। जांच के दौरान एनआईए ने उनके बेटे को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। सूत्रों के अनुसार, 18 मार्च को भांगर में हुए धमाके और चुनाव बाद हुई हिंसक घटनाओं के तार साओकत मोल्ला से जुड़ रहे हैं। जांच एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि क्या वह इन गतिविधियों में सीधे तौर पर शामिल थे या किसी बड़ी साजिश का हिस्सा हैं।
विस्फोटक बरामदगी और NIA की जांच
यह मामला मूल रूप से 25 अप्रैल को भांगर के उत्तर काशीपुर में 79 क्रूड बमों और अन्य आपत्तिजनक सामग्री की बरामदगी से जुड़ा है। गृह मंत्रालय के निर्देश पर एनआईए ने इस मामले को अपने हाथ में लिया है, क्योंकि इसे राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा माना जा रहा है। जांच का उद्देश्य इन विस्फोटकों के अवैध भंडारण और इसके पीछे के नेटवर्क का पर्दाफाश करना है, ताकि भविष्य में किसी भी संभावित आतंकी घटना को रोका जा सके।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal