थल सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी और नेपाल के पूर्व उप प्रधानमंत्री रवि लामिछाने ने किए रामलला के दर्शन

अयोध्या, थल सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी शुक्रवार सुबह सेना के विशेष विमान से अयोध्या पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले हनुमान गढ़ी में बजरंगबली का आशीर्वाद लिया और फिर श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पहुंचकर रामलला के दर्शन किए। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से उनका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान सेनाध्यक्ष ने डोगरा रेजिमेंटल सेंटर का दौरा भी किया और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर को उनकी विशिष्ट सेवा के लिए ‘चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ कमेंडेशन बैज’ से सम्मानित किया।
नेपाल के पूर्व उप प्रधानमंत्री ने किए दर्शन
वहीं, नेपाल के पूर्व उप प्रधानमंत्री और राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के अध्यक्ष रवि लामिछाने भी अपनी पत्नी के साथ रामनगरी पहुंचे। उन्होंने रामलला की प्रतिमा के दर्शन किए और काफी देर तक उनकी छवि निहारते रहे। ट्रस्ट के सदस्यों ने उन्हें राम मंदिर के निर्माण और परिसर की भव्यता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्हें मंदिर की ओर से स्मृति चिन्ह, अंगवस्त्र और प्रसाद भेंट कर सम्मानित किया गया।
मूर्तिकार अरुण योगीराज भी पहुंचे
रामलला की दिव्य प्रतिमा को आकार देने वाले प्रख्यात मूर्तिकार अरुण योगीराज भी शुक्रवार को अयोध्या पहुंचे। उन्होंने रामलला के दर्शन-पूजन के साथ मंदिर परिसर की भव्यता को नज़दीक से देखा। इस अवसर पर उन्होंने कारसेवकपुरम जाकर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय से शिष्टाचार भेंट की। थल सेनाध्यक्ष, नेपाल के दिग्गज नेता और मूर्तिकार अरुण योगीराज के एक साथ आगमन से रामनगरी में उत्साह का माहौल रहा।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal