विश्व साइकिल दिवस पर अलवर में निकाली साइकिल रैली

विश्व साइकिल दिवस पर अलवर में निकाली साइकिल रैली

अलवर, 07 जून। राजस्थान के अलवर में विश्व साइकिल दिवस के उपलक्ष्य में रविवार को भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया।

“संडे ऑन साइकिल” अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में खिलाड़ियों, युवाओं, विद्यार्थियों सहित करीब 400 साइकिल प्रेमियों ने शिरकत की। प्रताप ऑडिटोरियम से शुरू हुई यह रैली शहर के विभिन्न मार्गों से होकर पुनः प्रताप ऑडिटोरियम पहुंची। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने “77वां संडे ऑन साइकिल”, “स्वास्थ्य क्रांति की जरूरत”, “विश्व साइकिल दिवस” और “फिटनेस की दौड़, आधा घंटा रोज” जैसे नारों के माध्यम से स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर पुलिस उप अधीक्षक (अलवर शहर) अंगद शर्मा, यातायात पुलिस निरीक्षक संजय शर्मा, एनईबी थाना प्रभारी दिनेश मीणा, संडे ऑन साइकिल अभियान के प्रभारी पन्नालाल सैनी और साई के मुख्य कोच शिवकुमार सैनी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ती जीवनशैली संबंधी बीमारियों को देखते हुए स्वास्थ्य क्रांति की आवश्यकता है। नियमित रूप से साइकिल चलाने से न केवल व्यक्ति स्वस्थ रहता है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलता है।

श्री अंगद शर्मा ने लोगों से प्रतिदिन कम से कम एक घंटे व्यायाम और शारीरिक गतिविधियों के लिए समय निकालने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर ही बेहतर समाज और राष्ट्र निर्माण का आधार है।

कार्यक्रम में उपस्थित भारतीय चिकित्सा संघ (आईएमए) अध्यक्ष डॉ. विजयपाल ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि लोगों को अपने खानपान पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने आहार में सोयाबीन जैसे पौष्टिक खाद्य पदार्थों को शामिल करने की सलाह दी।

उन्होंने बताया कि पीएमओ के डॉ. प्रवीण शर्मा द्वारा भी कर्मचारियों को रविवार के दिन साइकिल अथवा इलेक्ट्रिक वाहन का उपयोग कर ड्यूटी पर आने के लिए प्रेरित किया गया है, जिससे स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों को लाभ मिल सके।

कार्यक्रम में खेल अधिकारी अंजना शर्मा, सेवानिवृत्त मुख्य कोच सबल प्रताप सिंह, आईटीबीपी के सुल्तान सिंह सहित दर्जनों जवान, पुलिसकर्मी, खिलाड़ी और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

सियासी मियार की रीपोर्ट