ओमान तट के पास टैंकर पर मिसाइल हमले के बाद सभी 24 भारतीय नाविकों को सुरक्षित बचाया गया

नई दिल्ली, दुनिया भर में भारतीय नाविकों की सुरक्षा के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता दिखाते हुए, मैरीटाइम रेस्क्यू कोऑर्डिनेशन सेंटर (एम आर सी सी) मुंबई ने ओमान के अधिकारियों के साथ मिलकर ओमान तट के पास एक व्यापारिक टैंकर पर मिसाइल हमले के बाद उस पर सवार सभी 24 भारतीय नाविकों को सफलतापूर्वक बचा लिया भारतीय तटरक्षक बल ने मंगलवार को बताया कि एम आर सी सी मुंबई को सोमवार दिन में दो बजकर 20 पर पलाऊ के ध्वज वाले टैंकर एम टी मेरीवेक्स पर मिसाइल हमले की जानकारी मिली। यह जहाज ओमान के मसीराह के पास लंगर डाले हुए था। जहाज पर 24 नाविक सवार थे और वह सभी भारतीय नागरिक थे। यह जानकारी जहाज पर मौजूद सदस्यों में से एक के रिश्तेदार ने एम आर सी सी मुंबई को दी थी।
स्थिति की गंभीरता और नाविकों की सुरक्षा के लिए तत्काल खतरे को समझते हुए, एम आर सी सी मुंबई ने तुरंत ओमान मैरीटाइम सर्च एंड रेस्क्यू सेंटर ओमान के साथ संपर्क स्थापित किया। उन्होंने ओमान की एजेंसी से खोज और बचाव मिशन समन्वय की जिम्मेदारी संभालने और जहाज और उसके सदस्यों को तत्काल सहायता प्रदान करने का अनुरोध किया। तेजी से कार्रवाई करते हुए ओमान ने पास के एक जहाज का रास्ता बदलकर और घटना स्थल पर दो बचाव हेलीकॉप्टर भेजकर बचाव अभियान शुरू किया और उसका समन्वय किया। बदलती स्थिति पर नज़र रखने और भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एम आर सी सी मुंबई ने ओमान और अन्य संबंधित पक्षों के बीच लगातार समन्वय बनाये रखा गया।
लगभग पांच बजे ओमान ने पुष्टि की कि ओमान नौसेना के हेलीकॉप्टरों द्वारा सभी 24 भारतीय सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया है। बचाये गये सदस्य सुरक्षित बताये जा रहे हैं, और किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है। जहाज अभी ओमान के मसीराह के पास लंगर डाले हुए है।
यह सफल बचाव अभियान अंतरराष्ट्रीय समुद्री सहयोग और इस क्षेत्र में समुद्री बचाव अधिकारियों के बीच स्थापित मजबूत समन्वय तंत्र की प्रभावशीलता को उजागर करता है। यह भारतीय तटरक्षक बल की भारतीय नाविकों की सुरक्षा करने और स्थान की परवाह किये बिना समुद्री आपात स्थितियों के दौरान समय पर सहायता प्रदान करने की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित करता है। हिंद महासागर में एक बड़े खोज और बचाव क्षेत्र के लिए एम आर सी सी मुंबई समुद्र में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय सहयोगियों के साथ मिलकर काम कर रहा है। भारतीय तटरक्षक बल एक भरोसेमंद समुद्री सुरक्षा सहयोगी के तौर पर अपनी भूमिका निभाते हुए, नाविकों की सुरक्षा, अंतरराष्ट्रीय सहयोग को मज़बूत करने और पूरे हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षित समुद्री माहौल को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal