Thursday , June 11 2026

बांग्लादेश का ऐतिहासिक उलटफेर: 21 साल बाद वनडे में ऑस्ट्रेलिया को दी मात, डीएलएस नियम के तहत 86 रनों से दर्ज की शानदार जीत

बांग्लादेश का ऐतिहासिक उलटफेर: 21 साल बाद वनडे में ऑस्ट्रेलिया को दी मात, डीएलएस नियम के तहत 86 रनों से दर्ज की शानदार जीत

ढाका, के शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में खेले गए पहले वनडे मुकाबले में बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया को 86 रनों (डीएलएस नियम) से हराकर क्रिकेट जगत को चौंका दिया है। 285 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलियाई टीम 42.2 ओवरों में 191/9 के स्कोर पर थी, तभी बारिश के कारण खेल रोकना पड़ा। इस जीत के साथ ही बांग्लादेश ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की महत्वपूर्ण बढ़त बना ली है। यह ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध वनडे में बांग्लादेश की 21 साल बाद केवल दूसरी जीत है।
मोसाद्देक और नाहिद रहे जीत के नायक

बांग्लादेश की इस यादगार जीत में मोसाद्देक हुसैन और नाहिद राणा ने नायक की भूमिका निभाई। चार साल बाद टीम में लौटे मोसाद्देक हुसैन ने करियर का सर्वश्रेष्ठ नाबाद 86 रनों का स्कोर बनाने के साथ-साथ गेंदबाजी में भी 2 विकेट चटकाए, जिसके लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। दूसरी ओर, तेज गेंदबाज नाहिद राणा ने घातक गेंदबाजी करते हुए 41 रन देकर 4 विकेट हासिल किए और ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी क्रम की कमर तोड़ दी।
खराब फील्डिंग पड़ी ऑस्ट्रेलिया पर भारी

टॉस जीतकर ऑस्ट्रेलिया ने पहले गेंदबाजी का फैसला लिया, लेकिन बांग्लादेश ने निर्धारित 50 ओवरों में 284 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। ऑस्ट्रेलिया की इस हार का एक बड़ा कारण उनकी बेहद खराब फील्डिंग रही, जिसमें उन्होंने कुल चार कैच टपकाए। इनमें मोसाद्देक हुसैन के तीन आसान कैच शामिल थे, जिन्होंने जीवनदान का भरपूर लाभ उठाया। अब दोनों टीमें 11 जून को होने वाले दूसरे वनडे मैच के लिए अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी हैं।

सियासी मियार की रीपोर्ट