बंगाल में सियासी हलचल: अभिषेक बनर्जी के आवास पर पुलिस की रेड

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में शनिवार तड़के एक बड़े घटनाक्रम के तहत टीएमसी महासचिव अभिषेक बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास पर पुलिस ने छापेमारी की। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के एक मामले के संबंध में पहुंची पुलिस टीम और केंद्रीय बलों ने तड़के 3 बजे परिसर में प्रवेश किया। बनर्जी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनके घर का ताला तोड़कर तलाशी ली, जिससे राज्य की राजनीति में उबाल आ गया है।
टीएमसी विधायक मदन मित्रा पर ईडी का शिकंजा
वहीं दूसरी ओर, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने टीएमसी विधायक मदन मित्रा के ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई की है। म्यूनिसिपैलिटी भर्ती घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी ने मित्रा के सात ठिकानों पर छापेमारी की। जांच एजेंसी का आरोप है कि पूर्व मंत्री रहे मदन मित्रा ने अयोग्य उम्मीदवारों की भर्ती के लिए बिचौलियों के माध्यम से नकद और सोने के रूप में रिश्वत ली थी।
घोटाले के आरोपों से गरमाई सियासत
ईडी के अनुसार, मदन मित्रा कथित तौर पर 125 अवैध नियुक्तियों से जुड़े हुए हैं। कमरहाटी सीट से विधायक मित्रा के खिलाफ यह कार्रवाई राज्य में चल रही भर्ती अनियमितताओं की जांच का हिस्सा है। एक तरफ पुलिस की छापेमारी और दूसरी तरफ ईडी का एक्शन, टीएमसी के लिए एक साथ आई इन चुनौतियों से पश्चिम बंगाल में राजनीतिक तनाव काफी बढ़ गया है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal