Friday , June 19 2026

चंबा में दर्दनाक सड़क हादसा: अनियंत्रित कार 500 मीटर गहरी खाई में गिरी

चंबा में दर्दनाक सड़क हादसा: अनियंत्रित कार 500 मीटर गहरी खाई में गिरी

चंबा,। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के पुखरी-मसरूंड मार्ग पर बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। एक बोलेरो गाड़ी अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। वाहन में सवार सभी सात लोगों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। ये सभी लोग एक मुंडन संस्कार समारोह में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे। इस हादसे ने न केवल प्रभावित परिवारों को, बल्कि पूरे क्षेत्र को गहरे सदमे में डाल दिया है।
रेस्क्यू ऑपरेशन और पुलिस कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद खाई से सभी शवों को बाहर निकाला गया। एडिशनल एसपी दिनेश कुमार ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज चंबा भेजा गया है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं, ताकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

क्षेत्रीय विधायक हंसराज ने इस त्रासदी पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में क्रैश बैरियर की कमी को बड़ी खामी बताया और लोक निर्माण विभाग (PWD) को सुरक्षा मानकों पर ध्यान देने की नसीहत दी है। चंबा एसपी विजय कुमार सकलानी ने कहा कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। फिलहाल, पूरे इलाके में मातम पसरा है और शोक की लहर व्याप्त है।

सियासी मियार की रीपोर्ट