हरमनप्रीत कौर ने रचा इतिहास, 200 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली पहली खिलाड़ी बनीं
मैनचेस्टर (इंग्लैंड), । भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ महिला टी20 विश्वकप 2026 के मुकाबले में मैदान पर उतरते ही इतिहास रच दिया। वह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 200 मैच खेलने वाली दुनिया की पहली खिलाड़ी बन गई हैं। खास बात यह है कि अब तक किसी भी पुरुष या महिला क्रिकेटर ने यह उपलब्धि हासिल नहीं की थी।
रविवार को मैनचेस्टर के एमिरेट्स ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर खेले जा रहे मुकाबले में जैसे ही हरमनप्रीत टॉस के लिए मैदान पर पहुंचीं, उनके नाम यह ऐतिहासिक रिकॉर्ड दर्ज हो गया। इस खास मौके पर हरमनप्रीत कौर को विशेष जर्सी और कैप भेंट की गई।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि सम्मान, प्यार और ढेर सारी यादें। उप-कप्तान स्मृति मंधाना और हेड कोच अमोल मजूमदार ने हरमनप्रीत कौर को पूरी टीम के हस्ताक्षर वाली एक खास ‘200’ नंबर जर्सी और कैप भेंट की।
टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे अधिक मैच खेलने वाली खिलाड़ियों की सूची में हरमनप्रीत के बाद न्यूजीलैंड की दिग्गज बल्लेबाज सूजी बेट्स का नाम आता है, जिन्होंने 184 मुकाबले खेले हैं। वहीं, पुरुष क्रिकेट में भारत की ओर से सबसे ज्यादा टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने का रिकॉर्ड पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के नाम है, जिन्होंने 159 मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व किया।
हरमनप्रीत कौर का टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर शानदार रहा है। इस मैच से पहले खेले 199 मुकाबलों में उन्होंने 4,123 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और 17 अर्धशतक शामिल हैं। अब 200वें मैच के साथ उन्होंने अपने शानदार करियर में एक और ऐतिहासिक अध्याय जोड़ दिया है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal