कर्नाटक के कोप्पल के पास भीषण सड़क हादसा, 5 लोगों की मौत

कोप्पल, । कर्नाटक के कोप्पल जिले में शनिवार सुबह भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना कुकनूर तालुक के भानापुर स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-63 पर उस समय हुई, जब मंत्रालयम दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को लेकर जा रही एक ओमनी वैन को डिवाइडर पार कर आए मालवाहक वाहन ने टक्कर मार दी।
मृतकों की पहचान केन्चम्मा बालेकाई (35), अमृता कोट्याल (25), रमेश बल्लारी (45), प्रवीण बालेकाई (40) और चिन्मय के रूप में हुई है। सभी मृतक हावेरी जिले के रट्टीहल्ली तालुक स्थित कब्बार गांव के निवासी थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, परिवार के सदस्य ओमनी वैन से मंत्रालयम जा रहे थे। इसी दौरान पास की सड़क से आ रहा एक अशोक लेलैंड मालवाहक वाहन अचानक नियंत्रण खो बैठा और डिवाइडर पार करते हुए सामने से ओमनी वैन से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ओमनी वैन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में घायल चार लोगों को तत्काल बचाव दल की सहायता से कोप्पल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार, कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही कुकनूर पुलिस थाना की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए मामला दर्ज कर जांच जारी है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal