असम में दुर्लभ एवं संरक्षित पक्षी हॉर्नबिल के शिकार मामले में तीन गिरफ्तार
गुवाहाटी, असम के वन विभाग ने दुर्लभ एवं संरक्षित पक्षी हॉर्नबिल के शिकार से जुड़े मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। वन्यजीव संरक्षण की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दीगबोई वन प्रभाग के अंतर्गत मार्घेरिटा ईस्ट रेंज क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर अभियान चलाकर तीनों आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपित लंबे समय से संरक्षित पक्षी हॉर्नबिल के शिकार में संलिप्त थे। वन विभाग ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए उन्हें धर दबोचा।
राज्य के वन एवं पर्यावरण मंत्री जयंत मल्लबरुवा ने सोशल मीडिया के माध्यम से अभियान की जानकारी साझा की। उन्होंने इस त्वरित कार्रवाई के लिए दिगबोई वन प्रभाग की टीम की सराहना करते हुए कहा कि असम सरकार वन्यजीवों और जंगलों को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी अपराधी के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति पर काम कर रही है।
वन विभाग ने तीनों आरोपितों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस गिरोह के संबंध किसी अंतरराज्यीय वन्यजीव तस्करी नेटवर्क से तो नहीं हैं।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal