वेनेजुएला भूकंप: मरने वालों की संख्या 920 पहुंची, 50,000 से अधिक लापता

काराकास,। वेनेजुएला में बुधवार को एक मिनट के भीतर आये दो विनाशकारी भूकंपों के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 920 हो गई है, जबकि 3,360 से अधिक लोग घायल हुए हैं।
नेशनल असेंबली के प्रमुख जॉर्ज रोड्रिगेज और कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने शुक्रवार को सरकारी टेलीविजन पर इसकी पुष्टि की। इस आपदा में मरने वालों में एक पुर्तगाली, दो ब्राजीलियाई और चार स्पेनिश नागरिक भी शामिल हैं, जबकि स्पेन के 106 नागरिक अब भी लापता बताये जा रहे हैं।
अधिकारियों के अनुसार, भूकंप के बाद प्रभावित इलाकों में अब तक 214 झटके दर्ज किये जा चुके हैं। मलबे में अब भी कम से कम 172 लोगों के दबे होने की आशंका है, जबकि स्वतंत्र डेटाबेस और संयुक्त राष्ट्र के अनुसार आपदा के बाद से 50,000 से अधिक लोग लापता हैं।
बीबीसी रिपोर्ट के अनुसार, वेनेजुएला के उत्तरी तटीय क्षेत्र और राजधानी काराकास में भूकंप के कारण सैकड़ों इमारतें, कई अस्पताल और शॉपिंग सेंटर पूरी तरह जमींदोज हो गये हैं। इसके अलावा करीब 1,000 अन्य बुनियादी ढांचागत स्थलों को भारी नुकसान पहुंचा है। सबसे ज्यादा तबाही काराकास के उत्तर में स्थित ला गुएरा क्षेत्र में हुई है, जहां देश का मुख्य बंदरगाह और सिमोन बोलिवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा स्थित है। ला गुएरा में अब तक मलबे से 243 लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है।
इस आपदा के बाद वेनेजुएला में अंतरराष्ट्रीय राहत और बचाव दल पहुंचना शुरू हो गये हैं।
संयुक्त राष्ट्र (यूएन) मानवीय मामलों के प्रमुख टॉम फ्लेचर ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़े पैमाने पर वैश्विक सहायता अभियान चलाने की घोषणा की है। ब्रिटेन, अमेरिका, नीदरलैंड, मैक्सिको और स्विट्जरलैंड ने अपनी खोजी और बचाव टीमें, प्रशिक्षित श्वान दल और ड्रोन भेजे हैं। अमेरिका ने इसके साथ ही युद्धपोत, परिवहन विमान और 15 करोड़ डॉलर (लगभग 1,415 करोड़ 40 लाख रुपये) की वित्तीय सहायता देने का भी एलान किया है। अस्पतालों में दवाओं और चिकित्सा उपकरणों की भारी किल्लत के कारण घायलों का इलाज अस्थाई चिकित्सा शिविरों में किया जा रहा है। संचार व्यवस्था ठप होने, सड़कें टूटने और संसाधनों की कमी के चलते शुरुआत में स्थानीय लोगों को अपने हाथों से मलबा हटाना पड़ा। आंतरिक मामलों के मंत्री डियोसडाडो काबेलो के अनुसार, भूकंप का सबसे ज्यादा असर काराकास के लॉस पालोस ग्रांडेस और अल्तामिरा इलाकों के अलावा ला गुएरा, अरागुआ, काराबोबो और फाल्कन जैसे उत्तरी तटीय राज्यों पर पड़ा है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal