बाल्टिक देशों ने यूक्रेन को ड्रोन हमलों के लिए हवाई क्षेत्र उपलब्ध कराया : रूस
मॉस्को,रूस के उप विदेश मंत्री मिखाइल गलुजिन ने आरोप लगाया है कि बाल्टिक देशों ने रूस के बुनियादी ढांचे पर हमले करने वाले यूक्रेनी ड्रोन के लिए अपना हवाई क्षेत्र उपलब्ध कराया है। श्री गलुजिन ने स्पुतनिक से बातचीत में कहा कि रूस के पास ऐसे पुख्ता सबूत है जिनके अनुसार लातविया और अन्य बाल्टिक देशों ने यूक्रेन के ड्रोन को रूस के नागरिक बुनियादी ढांचे पर हमले के लिए अपने हवाई गलियारों का इस्तेमाल करने की अनुमति दी है।
उन्होंने दावा किया कि हाल ही में यूक्रेन के ड्रोन कई बार बाल्टिक देशों के हवाई क्षेत्र में प्रवेश करते देखे गये हैं। एस्टोनिया, लातविया और लिथुआनिया हालांकि पहले ही यह कह चुके हैं कि उन्होंने यूक्रेन को रूस में किसी लक्ष्य पर ड्रोन हमले के लिए अपने हवाई क्षेत्र के उपयोग की अनुमति नहीं दी है। उप विदेश मंत्री ने रूस की सीमा के निकट लातविया में ड्रोन फैक्टरी स्थापित करने की योजना की भी आलोचना करते हुए इसे उकसावे वाली कार्रवाई बताया। उन्होंने कहा कि यह कदम रूस के प्रति बाल्टिक देशों की शत्रुतापूर्ण नीति के अनुरूप है। श्री गलुजिन के अनुसार बाल्टिक देश यूरोपीय संघ के सैन्यीकरण अभियान के तहत बढ़ते रक्षा खर्च से लाभ उठाने के उद्देश्य से और स्वयं को नाटो के पूर्वी मोर्चे का प्रमुख हिस्से के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से ऐसे कदम उठा रहे हैं।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal