बलूचिस्तान में बीएलए का भीषण फिदाईन हमला, पाकिस्तानी कोस्ट गार्ड कैंप तबाह; 30 से ज्यादा जवानों के मारे जाने का दावा

बलूचिस्तान,। बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने ग्वादर के जिवानी स्थित पाकिस्तानी कोस्ट गार्ड कैंप पर हुए जानलेवा आत्मघाती हमले की जिम्मेदारी ली है। शुक्रवार शाम को बीएलए की एलीट मजीद ब्रिगेड के एक सुसाइड बॉम्बर ने विस्फोटकों से लदे ट्रक को सीधे सैन्य कैंप में घुसा दिया, जिससे पूरा परिसर मलबे के ढेर में तब्दील हो गया। इस भयावह धमाके के बाद बीएलए के ‘फतेह स्क्वाड’ ने जमीनी स्तर पर मोर्चा संभालते हुए सुरक्षा बलों पर चारों तरफ से हमला किया।
30 से अधिक जवानों की मौत का दावा
बीएलए के प्रवक्ता जीयंद बलूच ने दावा किया है कि इस सुनियोजित हमले में 30 से अधिक पाकिस्तानी कोस्ट गार्ड के जवान मारे गए हैं और दर्जनों घायल हुए हैं। संगठन ने मलबे में दबे और गंभीर रूप से घायल लोगों की संख्या को देखते हुए मरने वालों की संख्या में और इजाफा होने की संभावना जताई है। हमले का एक वीडियो फुटेज भी जारी किया गया है, जिसमें विस्फोटकों से भरे ट्रक को कैंप के अंदर घुसते हुए और भारी तबाही मचाते हुए दिखाया गया है।
स्वतंत्रता के लिए जारी रहेगा संघर्ष
इस हमले के बाद बीएलए ने स्पष्ट किया है कि बलूचिस्तान की पूर्ण आजादी तक पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के खिलाफ उनका यह सशस्त्र अभियान और अधिक तेजी के साथ जारी रहेगा। हालांकि, पाकिस्तानी सैन्य और सरकारी अधिकारियों ने अभी तक हताहतों की संख्या या क्षति के संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। फिलहाल क्षेत्र में तनाव का माहौल है और बीएलए ने जल्द ही ऑपरेशन की विस्तृत जानकारी साझा करने की बात कही है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal