टोयोटा के पिकअप ट्रक, हाइलक्स का 9वां जेनरेशन जल्द होगा पेश

टोयोटा के पिकअप ट्रक, हाइलक्स का 9वां जेनरेशन जल्द होगा पेश

नई दिल्ली, । टोयोटा के पिकअप ट्रक, हाइलक्स के 9वें जेनरेशन को अगले महीने भारत में लॉन्च करने की तैयारी में है। एक रिपोर्ट के अनुसार, वैश्विक स्तर पर पिछले साल नवंबर में लॉन्च हुई यह पिकअप ट्रक, अब अपने शार्प डिजाइन और कई नए फीचर्स के साथ भारतीय सड़कों पर उतरेगी। नई हाइलक्स का एक्सटीरियर पूरी तरह से नया है, जिसमें स्लिम और ऊंचे एलईडी हेडलैंप के साथ एक काले ट्रिम पीस पर टोयोटा लिखा हुआ है। इसके नीचे एक हनीकॉम्ब-पैटर्न वाली ग्रिल और बड़े बंपर हैं, जो इसे एक आक्रामक लुक देते हैं।
साइड प्रोफाइल में साफ पैनलिंग, 17 इंच के अलॉय व्हील और स्क्वेयर बॉडी क्लैडिंग इसे मजबूत बनाती है, जबकि पीछे की तरफ सी-शेप डीआरएल सिग्नेचर वाले बड़े वर्टिकल टेल-लैंप और टेलगेट पर टोयोटा की बड़ी ब्रांडिंग है, जो इसकी पहचान को और मजबूत करती है। इंटीरियर की बात करें, तो नई हाइलक्स अपने पिछले मॉडल की तुलना में काफी आधुनिक है। इसमें नए डिजाइन वाले डैशबोर्ड पर दो 12.3 इंच के डिस्प्ले और एक नया थ्री-स्पोक स्टीयरिंग व्हील दिया गया है। हाइलक्स के केबिन की अच्छी बात यह है कि इसमें स्टीयरिंग व्हील, सेंटर कंसोल और ट्रांसमिशन टनल पर कई फिजिकल कंट्रोल दिए गए हैं, जो उपयोग में आसानी प्रदान करते हैं और ड्राइवर को अधिक नियंत्रण देते हैं।
भारत में यह मौजूदा 2.8-लीटर डीजल इंजन (204 हॉर्सपावर, 500 एनएम टॉर्क) के साथ 6-स्पीड मैनुअल और ऑटोमैटिक गियरबॉक्स विकल्पों में उपलब्ध होगी, जिसमें 4गुणा4 स्टैंडर्ड रहेगा। उम्मीद है कि इसमें 48वी नियो ड्राइव माइल्ड हाइब्रिड सिस्टम भी मिल सकता है, जो इसकी ईंधन दक्षता को बढ़ाएगा। वैश्विक बाजार में हाइलक्स का फुली इलेक्ट्रिक वर्जन भी ऑफर किया जा रहा है। फीचर्स की लिस्ट में टेरेन और ड्राइव मोड, ड्यूअल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, वायरलेस चार्जिंग पैड, ब्लाइंड-स्पॉट मॉनिटर, कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी, पावर्ड और वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, मल्टी-टेरेन और 360-डिग्री कैमरे, ओवर-द-एयर (ओटीए) अपडेट और एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम सुइट के साथ ड्राइवर की नींद का पता लगाने वाला सिस्टम भी शामिल है।