कैल्शियम की कमी? पहले ट्राई करें ये सुपरफूड

हड्डियों-जोड़ों में दर्द की समस्या अब कम उम्र के लोगों में भी देखी जा रही है। ये सिर्फ बढ़ती उम्र की निशानी नहीं रह गई है। आमतौर पर इस तरह की समस्याओं को बढ़ाने के लिए दो चीजों को जिम्मेदार माना जाता है-कैल्शियम और विटामिन-डी की कमी।
कैल्शियम हड्डियों की मजबूती के लिए जरूरी माना जाता है और विटामिन-डी हमारे शरीर में कैल्शियम के अवशोषण को बढ़ाने में मदद करती है। कैल्शियम की कमी होने पर अक्सर लोग सप्लीमेंट्स या कैल्शियम की गोलियों लेना शुरू कर देते हैं। हालांकि स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, बिना डॉक्टरी सलाह के किसी भी सप्लीमेंट का सेवन आपके लिए कई और दिक्कतें बढ़ाने वाला हो सकता है।
सही खानपान से भी शरीर की कैल्शियम जरूरत को काफी हद तक पूरा किया जा सकता है। अध्ययनों से पता चलता है कि मखाना कैल्शियम से भरपूर होता है। इसका सेवन आपको कई सारे लाभ दे सकता है।
कैल्शियम का अच्छा स्रोत है मखाना
मखाना हमारी सेहत के लिए किसी सुपरफूड से कम नहीं है। पचाने में आसान होने के साथ ये पोषण से भरपूर होता है। मखाना कैल्शियम का अच्छा स्रोत है। इसमें मैग्नीशियम, फॉस्फोरस, पोटैशियम, प्रोटीन और एंटीऑक्सीडेंट्स जैसे कई जरूरी पोषक तत्व भी पाए जाते हैं। यही वजह है कि पोषण विशेषज्ञ इसे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, लगभग हर उम्र के लोगों के लिए फायदेमंद मानते हैं। हालांकि,सिर्फ मखाना खा लेने से कैल्शियम की गंभीर कमी पूरी नहीं हो जाती। यदि शरीर में कैल्शियम या विटामिन डी की कमी है, तो डॉक्टर की सलाह और इलाज जरूरी होता है।
मखाना सिर्फ हड्डियों के लिए लाभकारी नहीं है। वजन कंट्रोल रखने, दिल की सेहत को ठीक रखने के अलावा, ब्लड शुगर कंट्रोल, मांसपेशियों और शरीर की कोशिकाओं के लिए भी इसे फायदेमंद पाया गया है। इसके अलावा मखाना ग्लूटेन-फ्री होता है और इसमें फाइबर भी अच्छी मात्रा में पाया जाता है। यही कारण है कि इसे फिटनेस पसंद करने वाले लोग, डायबिटीज के मरीज भी अपनी डाइट में शामिल करते हैं।
हड्डियों के लिए मखाना कितना फायदेमंद है?
हड्डियों की मजबूती के लिए केवल कैल्शियम ही नहीं, बल्कि मैग्नीशियम और फॉस्फोरस जैसे खनिज भी जरूरी होते हैं। मखाना इन पोषक तत्वों का भी स्रोत है, इसलिए यह बोन हेल्थ को सपोर्ट करने वाला खाद्य पदार्थ माना जाता है। मखाना को दूध, दही या अन्य कैल्शियम युक्त पदार्थों के साथ लेना और भी फायदेमंद हो सकता है। हड्डियों को मजबूत रखने के लिए डाइट के साथ विटामिन-डी के लिए धूप में समय बिताना भी जरूरी है।
डायबिटीज में भी ये फायदेमंद
डायबिटीज के मरीजों में हड्डियों की समस्या का खतरा अधिक होता है। मखाना डायबिटीज वालों के लिए भी फायदेमंद है। मखाना का ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है और इसमें फाइबर भी होता है, इसलिए सीमित मात्रा में इसे डायबिटीज रोगियों के लिए बेहतर स्नैक विकल्प माना जा सकता है। फिर भी डायबिटीज के मरीजों को इसकी मात्रा पर ध्यान देना चाहिए।
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal