पीओके के शुबाजाबाद में सुरक्षा बलों की फायरिंग में 2 युवकों की मौत, प्रदर्शनकारियों का भड़का गुस्सा

इस्लामाबाद, पीओके के शुबाजाबाद क्षेत्र में सुरक्षा बलों द्वारा की गई फायरिंग ने दो स्थानीय युवकों की जान ले ली है। इस दुखद घटना ने क्षेत्र में पहले से ही सुलग रही अशांति की आग को और भड़का दिया है, जिससे मुजफ्फराबाद से लेकर सीमावर्ती इलाकों तक भारी तनाव की स्थिति बनी हुई है।
जनता मे भड़का आक्रोश
रिपोर्ट के अनुसार, शुबाज़ाबाद क्षेत्र में सुरक्षा बलों और स्थानीय नागरिकों के बीच पैदा हुए तनाव के दौरान फायरिंग हुई, जिसमें दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए और पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियों के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शनकारियों ने एक आधिकारिक बयान जारी कर आरोप लगाया है कि इन मौतों के लिए सीधे तौर पर पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियां और मुजफ्फराबाद में बैठी सरकार जिम्मेदार है।
प्रदर्शनकारियों का गंभीर आरोप
प्रदर्शनकारियों का गुस्सा केवल इस ताजा घटना तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे लंबे समय से जमा असंतोष है। प्रदर्शनकारियों ने गंभीर आरोप लगाया है कि लगभग एक महीने पहले हुई हिंसा के दौरान मारे गए लोगों के शवों के अवशेष आज भी उनके परिजनों को नहीं सौंपे गए हैं।
परिजनों का कहना है कि सरकार बुनियादी मानवीय संवेदनाओं को भी ताक पर रख रही है। बयान में तीखे लहजे में कहा गया है कि जब क्षेत्र में लोग अपनी जान गंवा रहे हैं, तब मुजफ्फराबाद की सरकार इन घटनाओं को पूरी तरह नजरअंदाज कर केवल राजनीतिक गतिविधियों और आगामी चुनावी तैयारियों में व्यस्त है।
शहीदों के खून का हिसाब होगा
आंदोलन की अगली चेतावनी आंदोलनकारियों ने स्थानीय प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा है कि शहीदों के खून का हिसाब लिया जाएगा और इस बलिदान को भुलाया नहीं जाएगा। प्रदर्शनकारियों के अनुसार, सरकार को दिया गया अल्टीमेटम अब समाप्त हो चुका है। उन्होंने जनता से एकजुट होने और एक बड़े संघर्ष के लिए तैयार रहने की अपील की है। आंदोलन के नेताओं ने घोषणा की है कि वे जल्द ही अपने प्रदर्शन के अगले और अधिक व्यापक चरण की रूपरेखा पेश करेंगे।
संघर्ष जारी रखने का संकल्प
आंदोलन से जुड़े नेतृत्व ने अपने समर्थकों से आह्वान किया है कि चाहे कितनी भी बाधाएं आएं, विरोध प्रदर्शन अपने निर्धारित लक्ष्य तक जारी रहेंगे और यह आंदोलन रुकने वाला नहीं है। वर्तमान स्थिति की बात करें तो, इलाके में तनाव काफी अधिक है और सुरक्षा व्यवस्था को बेहद कड़ा कर दिया गया है।
हालांकि, इस पूरी घटना और मौतों को लेकर अब तक पाकिस्तान की सरकार या उनकी सुरक्षा एजेंसियों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया या स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है। फिलहाल, समूचा पीओके एक अनिश्चितता के दौर से गुजर रहा है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal