Thursday , July 16 2026

बारिश के मौसम में बाल झड़ने से हैं परेशान? गुड़हल और नारियल तेल का यह नुस्खा आज़माएं

बारिश के मौसम में बाल झड़ने से हैं परेशान? गुड़हल और नारियल तेल का यह नुस्खा आज़माएं

मानसून का मौसम आते ही हेयर फॉल की समस्या काफी बढ़ जाती है। हवा में नमी बढ़ने की वजह से स्कैल्प चिपचिपी हो जाती है, डैंड्रफ का खतरा बढ़ जाता है और बालों की जड़े कमजोर होने लगती है, जिसके कारण बाल झड़ना शुरू हो जाते हैं।

अगर आप भी मानसून आते ही हेयर फॉल की समस्या से जूझने लगती हैं, तो इसका एक असरदार उपाय हम आपको बताने वाले हैं। बालों को मजबूत और खूबसूरत बनाने के लिए आप घर पर एक खास तेल बना सकते हैं, जो जड़ों को पोषण देगा और सिल्की बनाएगा। आइए जानें इस तेल को बनाने का तरीका और फायदे।

कैसे बनाएं ये जादुई तेल?

सामग्री

नारियल तेल- 1 कप
मेथी दाना- 2 बड़े चम्मच
ताजे कढ़ी पत्ते- एक मुट्ठी
गुड़हल के फूल- 3-4

तेल बनाने की विधि

सबसे पहले कढ़ी पत्ते और गुड़हल के फूल को पानी से धो लें और किसी सूती कपड़े पर फैलाकर सुखा लें ताकि उनमें नमी न रहे। मेथी दाने को आप चाहें तो हल्का सा दरदरा कूट सकते हैं।
अब एक लोहे की कड़ाही में एक कप नारियल तेल डालें और उसे बिल्कुल धीमी आंच पर हल्का गर्म होने दें।
अब गुनगुने तेल में मेथी दाना, कढ़ी पत्ते और गुड़हल के फूल डाल दें। इस मिश्रण को बिल्कुल धीमी आंच पर 10 से 15 मिनट तक पकने दें। आप देखेंगे कि कढ़ी पत्ते और फूलों का रंग बदलने लगा है और तेल का रंग भी हल्का हरा-भूरा हो गया है।
जब सामग्री अच्छी तरह पक जाए, तो गैस बंद कर दें। तेल को पूरी तरह ठंडा होने के लिए छोड़ दें। ठंडा होने के बाद इसे एक साफ सूती कपड़े या छननी की मदद से छान लें।
इस तैयार तेल को कांच की सूखी बोतल में भरकर रख लें। यह तेल 2-3 महीने तक आसानी से खराब नहीं होता।

इस तेल के फायदे क्या हैं?

नारियल तेल बालों को मॉइश्चराइज करता है और उमस के कारण बालों को होने वाले डैमेज को कम करता है। वहीं मेथी बालों को झड़ना रोकता है और डैंड्रफ कम करने में भी मदद करता है। कढ़ी पत्ता बालों को समय से पहले सफेद होने से रोकता है और नए बाल उगाने में भी मदद करता है। साथ ही, गुड़हल बालों को मजबूत बनाता है, स्कैल्प को हाइड्रेट करता है और बालों को शाइन देता है।

इस्तेमाल करने का सही तरीका

हफ्ते में दो बार इस तेल से स्कैल्प की हल्के हाथों से 10 मिनट तक मालिश करें। तेल को रातभर बालों में लगा रहने दें और अगली सुबह किसी माइल्ड या सल्फेट-फ्री शैम्पू से बाल धो लें।

सियासी मियार की रीपोर्ट