मुर्शिदाबाद क्रॉसिंग फाटक पर ट्रेन ने स्कूल वैन को मारी टक्कर, पांच की मौत, दो घायल

कोलकाता, 18 जुलाई । पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में कर्णासुवर्णा स्टेशन के पास रेलवे क्रॉसिंग पर शुक्रवार सुबह एक पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से चार स्कूली छात्रों समेत पांच लोगों की मौत हो गई , जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह दुर्घटना कटवा से लगभग 48 किलोमीटर की दूरी पर सुबह करीब 6:41 बजे हुई। यात्री ट्रेन संख्या 53054 (निमतिता–कटवा पैसेंजर) ने छात्रों को विद्यालय ले जा रही वैन को टक्कर मार दी।
पूर्वी रेलवे के हावड़ा मंडल के अंतर्गत कटवा-अजीमगंज खंड के क्रॉसिंग फाटक संख्या 24ए/2 पर जब यह हादसा हुआ, तब एक बुजुर्ग साइकिल सवार भी इसकी चपेट में आ गये और उनकी भी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि दोनों दिशाओं से ट्रेनों के गुजरने के लिए क्रॉसिंग फाटक को बंद किया जाना था। अप दिशा में ट्रेन संख्या 13431 के गुजरने के बाद भी गेट खुला रह गया था। इसी दौरान क्रॉसिंग फाटक पार करने की कोशिश कर रहे स्कूल वैन और साइकिल सवार को डाउन दिशा से आ रही निमतिता-कटवा यात्री ट्रेन ने टक्कर मार दी।
हादसे में दो स्कूली छात्रों और एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन और बच्चों तथा वैन चालक को शुरू में कर्णासुवर्णा ब्लॉक अस्पताल ले जाया गया, जहां से बाद में उन्हें गंभीर हालत में बहरामपुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
इस घटना से स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश फैल गया, जिन्होंने आरोप लगाया कि यह दुर्घटना गेटमैन अनूप कर्मकार की लापरवाही के कारण हुई है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में आरपीएफ और जीआरपी के जवानों को तैनात किया गया है।
ईस्टर्न रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) शिबराम माझी ने बताया कि क्षेत्रीय रेलवे के अतिरिक्त विभागीय रेलवे प्रधबंध की अगुवाई में 10 लोगों की एक टीम घटनास्थल पहुंची है। उन्होंने कहा, “चूंकि यह घटना गेटमैन की गलती से हुई बताई जा रही है, इसलिए उसे निलंबित कर दिया गया है और उसके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। गेटमैन के इंचार्ज कौशिक मल को भी निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा, रेल मंत्री ने हर मृतक के परिवार को 10 लाख रुपये और घायलों को 2.5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। हमने घायलों को बेरहामपुर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया है। ” घटना की जांच के बारे में जानकारी देते हुए पूर्वी रेलवे के महाप्रबंधक मिलिंद देवस्कर ने कहा कि आज हुई उस दुर्भाग्यपूर्ण घटना की उच्च-स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। इस जांच के लिए विशेष कार्रवाई समूह (सैग) के अधिकारियों की एक समिति बनाई गई है, जिसकी अगुवाई प्रधान मुख्य सुरक्षा अधिकारी (पीसीएसओ) करेंगे और इसमें ऑपरेटिंग, इंजीनियरिंग और सिग्नल एंड टेलीकम्युनिकेशन विभागों के तीन अन्य सैग अधिकारी भी शामिल होंगे। यह टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई है। हम स्थिति पर नज़र रखे हुए हैं और ज़रूरी कार्रवाई करने के लिए तैयार हैं।”
गौरतलब है कि इस दुर्घटना के बाद पूर्वी रेलवे के हावड़ा मंडल के अजीमगंज-कटवा सेक्शन में ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित हुईं। पूर्वी रेलवे के कार्यालय के अनुसार, सुरक्षा मंज़ूरी मिलने के बाद, प्रभावित रेलखंड की ओर अप लाइन पर पहली ट्रेन 53435 (कटवा-अजीमगंज) सुबह 11.53 बजे चौरीगाछा से रवाना हुई, जबकि डाउन लाइन पर खगराघाट रोड से ट्रेन 53012 (अजीमगंज-कटवा) सुबह 11.53 बजे सामान्य गति से रवाना हुई। इस बीच, घटना पर दुख जताते हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, “आज सुबह मुर्शिदाबाद में हुई दुखद ट्रेन दुर्घटना से बहुत दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं, खासकर उन युवा छात्रों के माता-पिता के साथ जिन्होंने अपनी जान गंवाई।” उन्होंने कहा कि इतने गहरे दुख को कम करने के लिए कोई शब्द नहीं हैं और इस मुश्किल घड़ी में पूरा राज्य पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा, “मैंने प्रशासन को निर्देश दिया है कि घायलों और प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद दी जाए। मंत्री गौरी शंकर घोष पहले ही अस्पताल का दौरा कर चुके हैं और स्थिति पर नज़र रखे हुए हैं। ज़िला मजिस्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक सुबह से ही घटनास्थल पर मौजूद हैं और व्यक्तिगत रूप से बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि इलाज करा रहे लोगों को बेहतरीन चिकित्सा सुविधा मिले।” उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री डॉ. शरद्वत मुखर्जी व्यक्तिगत रूप से यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि घायलों को मेडिकल कॉलेज में सर्वोत्तम संभव इलाज मिले। लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। रेलवे गेटमैन को राज्य पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना की परिस्थितियों की गहन जांच की जाएगी और मैं पश्चिम बंगाल के लोगों को विश्वास दिलाता हूं कि दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बाद में पत्रकारों से बात करते हुए, मुख्यमंत्री ने इस घटना को ‘अक्षम्य अपराध’ करार दिया और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का वादा किया। उन्होंने कहा, “पुलिस ने मुझे सूचित किया है कि शुरुआती जांच में पता चला है कि यह घटना गेटमैन की लापरवाही के कारण हुई। अस्पताल में दो और छात्रों की मौत हो गई है। कुल मिलाकर, चार छात्रों और एक साइकिल चालक की मौत हुई है, जबकि दो लोगों का इलाज चल रहा है। गेटमैन को गिरफ्तार कर लिया गया है और मैंने पुलिस को निर्देश दिया है कि गेटमैन का मेडिकल टेस्ट कराया जाए ताकि यह पता चल सके कि वह नशे में था या नहीं। यह पूरी तरह से गेटमैन की वजह से हुआ है। यह कोई दुर्घटना नहीं है। गेटमैन ने अक्षम्य अपराध किया है।”
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal