अनुराग कश्यप प्रस्तुत करेंगे ‘चार दीवारी’, फैंटासिया इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में होगा नॉर्थ अमेरिका प्रीमियर

मुंबई, फिल्मकार अनुराग कश्यप और रंजन सिंह द्वारा प्रस्तुत की जा रही निर्देशक सैयद शादान की साइकोलॉजिकल हॉरर थ्रिलर शॉर्ट फिल्म ‘चार दीवारी’ का नॉर्थ अमेरिका प्रीमियर 30 जुलाई को कनाडा के मॉन्ट्रियल में आयोजित प्रतिष्ठित फैंटासिया इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल 2026 में होगा।शिवेक गुप्ता और सैयद शादान द्वारा निर्मित ‘चार दीवारी’ इस वर्ष फैंटासिया इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के लिए चुनी गई चुनिंदा भारतीय फिल्मों में शामिल है। फिल्म का चयन फेस्टिवल के ‘फ्रेगमेंट्स डी’एसी’ सेक्शन में किया गया है। फैंटासिया को दुनिया के सबसे बड़े और प्रतिष्ठित जॉनर फिल्म फेस्टिवल्स में गिना जाता है।
फिल्म की कहानी एक ऐसे व्यक्ति के इर्द-गिर्द घूमती है, जो रहने के लिए एक साधारण घर किराये पर लेता है, लेकिन जल्द ही उसे एहसास होता है कि उस घर की दीवारों में एक भयावह रहस्य छिपा हुआ है। मनोवैज्ञानिक तनाव और रहस्य से भरपूर यह फिल्म डर, अकेलेपन और अनदेखे रहस्यों की पड़ताल करती है। फिल्म के बारे में अनुराग कश्यप ने कहा, “‘चार दीवारी’ शुरू से ही दर्शकों के भीतर एक अजीब बेचैनी पैदा करती है। फिल्म धीरे-धीरे आपको उसी डर के बीच ले जाती है, जिससे आप बचना चाहते हैं। मुझे यह फिल्म बेहद पसंद आई।”
रंजन सिंह ने कहा कि ‘चार दीवारी’ एक प्रभावशाली शॉर्ट थ्रिलर है, जिसका रहस्यमय और गंभीर माहौल दर्शकों को बांधे रखता है। उन्होंने कहा कि फैंटासिया जैसे प्रतिष्ठित मंच पर इसका प्रीमियर होना फिल्म के लिए बड़ी उपलब्धि है। निर्देशक सैयद शादान ने कहा कि फिल्म की प्रेरणा इस विचार से मिली कि यदि हमारे आसपास की दीवारें हमारी यादों और रहस्यों को संजोकर रखती हों तो क्या होगा। उन्होंने कहा कि फैंटासिया फिल्म फेस्टिवल में प्रीमियर होना उनके लिए सपने के सच होने जैसा है और अनुराग कश्यप का समर्थन इस सफर को और भी विशेष बनाता है। फैंटासिया इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल हॉरर, थ्रिलर, फैंटेसी और साइंस फिक्शन फिल्मों के लिए विश्वस्तरीय मंच माना जाता है। ऐसे प्रतिष्ठित समारोह में ‘चार दीवारी’ का चयन भारतीय स्वतंत्र सिनेमा के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal