फुजैराह में दो कंटेनर टर्मिनल विकसित करेगा डीपी वर्ल्ड
अबू धाबी, । दुबई स्थित बंदरगाह परिचालक डीपी वर्ल्ड ने कहा है कि उसने फुजैराह अमीरात के अधिकारियों के साथ दो कंटेनर टर्मिनलों के विकास के लिए एक समझौता किया है। फुजैराह अमीरात को अरब सागर तक सीधी पहुंच प्राप्त है, जिससे जहाजों को होर्मुज़ जलडमरूमध्य से होकर गुजरने की आवश्यकता नहीं पड़ती।
डीपी वर्ल्ड ने बुधवार को जारी एक बयान में कहा, “हमने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के पूर्वी तट पर दो नए टर्मिनलों के विकास के लिए फुजैराह पोर्ट्स अथॉरिटी के साथ 50 वर्ष की रियायत (कंसेशन) अवधि के तहत सिद्धांततः एक समझौता किया है। इनमें अल रुगायलात कंटेनर एवं बहुउद्देशीय टर्मिनल तथा दिब्बा जनरल कार्गो टर्मिनल शामिल हैं।”
बयान के अनुसार, इस विकास परियोजना से यूएई में डीपी वर्ल्ड की क्षमता और उसके गेटवे नेटवर्क का विस्तार होगा, जिससे ग्राहकों को क्षेत्रीय और वैश्विक व्यापार मार्गों पर अधिक विकल्प, लचीलापन और बेहतर संपर्क सुविधा मिलेगी। बयान में कहा गया है कि इन दो नये टर्मिनलों के बनने से संयुक्त अरब अमीरात में डीपी वर्ल्ड की कंटेनर हैंडलिंग क्षमता एक करोड़ 94 लाख टीईयू से बढ़कर लगभग 2.2 करोड़ टीईयू हो जाएगी। गौरतलब है कि क्षेत्र में सशस्त्र संघर्ष शुरू होने के बाद दुबई स्थित डीपी वर्ल्ड के जेबेल अली कंटेनर बंदरगाह का संचालन बड़े पैमाने पर बंद करना पड़ा था।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal