Thursday , August 6 2026

यश राज फिल्म्स के ‘राह रिकॉर्ड्स’ ने जारी किया पहला गीत ‘जादूगरी’

यश राज फिल्म्स के ‘राह रिकॉर्ड्स’ ने जारी किया पहला गीत ‘जादूगरी’

मुंबई, 05 अगस्त यश राज फिल्म्स (वाईआरएफ) के नए रिकॉर्ड लेबल ‘राह रिकॉर्ड्स’ ने गायक-गीतकार अमन के पहले मौलिक गीत ‘जादूगरी’ के साथ अपनी संगीत यात्रा की शुरुआत की है। राह रिकॉर्ड्स के लॉन्च की घोषणा के एक दिन बाद जारी यह गीत सभी प्रमुख ऑडियो स्ट्रीमिंग मंचों पर उपलब्ध करा दिया गया है। अमन द्वारा लिखे और गाए गए ‘जादूगरी’ में प्रेम, बिछड़ने और रिश्तों में अनकहे रह जाने वाले जज़्बातों को भावनात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया गया है।
गीत के संगीत वीडियो में अमन के साथ शिवांगी नेगी नजर आ रही हैं। वीडियो में दोनों के रिश्ते की मधुर यादों और समय के साथ बढ़ती भावनात्मक दूरी को दर्शाया गया है। ‘जादूगरी’ शीर्षक उस एहसास का प्रतीक है, जब किसी अपने के प्यार की असली अहमियत उसके दूर हो जाने के बाद समझ आती है।
राह रिकॉर्ड्स ने बताया कि अमन के साथ पिछले एक वर्ष से प्रतिभा-विकास कार्यक्रम के तहत रचनात्मक सहयोग किया गया, जिसमें उनके गीत लेखन, संगीत शैली और कलात्मक पहचान को निखारने पर काम किया गया। लेबल का उद्देश्य मौलिक कलाकारों को मंच उपलब्ध कराना और स्वतंत्र संगीत के क्षेत्र में दीर्घकालिक रचनात्मक साझेदारियां विकसित करना है।
अमन ने कहा, “‘जादूगरी’ एक बेहद ईमानदार एहसास से निकला गीत है। यह उन रिश्तों की कहानी है, जहां बहुत देर से एहसास होता है कि जिन छोटी-छोटी बातों और पलों को हमने सहज मान लिया था, वही सबसे ज्यादा मायने रखते थे। मुझे उम्मीद है कि यह गीत लोगों को अपने प्रियजनों के प्यार की कद्र करने की याद दिलाएगा।”
अमन ने अपने भावनात्मक गीत लेखन के दम पर युवा श्रोताओं के बीच अलग पहचान बनाई है। इस वर्ष की शुरुआत में जारी उनका गीत ‘रोया था’ स्पॉटिफाई पर करीब 50 लाख बार सुना गया और स्पॉटिफाई इंडिया के वायरल चार्ट में 13वें स्थान तक पहुंचा था। इसके अलावा इस गीत पर इंस्टाग्राम पर 19 हजार से अधिक रील्स बनाई गई थीं।
‘जादूगरी’ के साथ अमन राह रिकॉर्ड्स के तहत संगीत जारी करने वाले पहले कलाकार बन गए हैं। वाईआरएफ का यह नया रिकॉर्ड लेबल मौलिक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और भारतीय स्वतंत्र संगीत को नया मंच देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

सियासी मियार की रीपोर्ट