भारत पर शुल्क लगाने वाला अमेरिकी विधेयक पारित होने के बाद केजरीवाल ने मोदी पर निशाना साधा

नई दिल्ली, । आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर तीखा हमला बोलते हुए शनिवार को आरोप लगाया कि सरकार द्वारा किए जाने वाले हर फैसले में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का हस्तक्षेप देखा जा सकता है।
केजरीवाल का यह बयान अमेरिकी सीनेट द्वारा उस विधेयक के पारित किए जाने के बाद आया है जो रूसी तेल की खरीद को लेकर भारत सहित पांच देशों पर 100 प्रतिशत तक शुल्क लगाने की अनुमति देता है।
विधेयक में दावा किया गया है कि रूस के साथ इस प्रकार का व्यापार यूक्रेन युद्ध को जारी रखने में मदद कर रहा है।
केजरीवाल ने अमेरिकी विधेयक से जुड़ी एक खबर को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा करते हुए कहा, ‘‘देश को अमेरिका के हाथों गिरवी रखने के बाद, ट्रंप की गुलामी करने के बाद और भारत का अपमान करवाने के बाद मोदी देश के लिए ये लाए हैं। आज देश के हर छोटे बड़े निर्णय में ट्रंप का हस्तक्षेप है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मोदी ट्रंप की हर बात मानते हैं- चाहे सही हो या गलत। और ट्रंप हर क्षेत्र में भारत के खिलाफ निर्णय लेते हैं।’’
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal