Wednesday , August 12 2026

हत्या मामले में एजीटीएफ की बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार

हत्या मामले में एजीटीएफ की बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार

लुधियाना, । पंजाब पुलिस की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने कमिश्नरेट लुधियाना पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर हरजिंदर सिंह उर्फ हैरी झंडा की हत्या के मामले में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक ग्लॉक 9 एमएम पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने मंगलवार को बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक का आपराधिक रिकॉर्ड है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास और एनडीपीएस एक्ट सहित कई मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी लुधियाना में एक स्थानीय गैंग का संचालन भी कर रहा था। उन्होंने कहा कि इस संबंध में थाना टिब्बा, लुधियाना में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ कर हत्या की वारदात में उनकी भूमिका तथा गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

पंजाब पुलिस ने कहा है कि संगठित अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क को खत्म करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा तथा राज्य में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है।

सियासी मियार की रीपोर्ट