‘वारूं फॉरएवर’ का नया पोस्टर जारी, 18 अगस्त को रिलीज होगा ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का नया गाना

मुंबई, 17 अगस्त । एक्सेल एंटरटेनमेंट और अमेजन एमजीएम स्टूडियोज ने बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’ के आगामी गाने ‘वारूं फॉरएवर’ के दो नए पोस्टर जारी किए हैं। पोस्टर्स में पहली बार गाने की विजुअल दुनिया की झलक देखने को मिली है, जिससे फिल्म के इस म्यूजिकल ट्रैक को लेकर दर्शकों का उत्साह बढ़ गया है।‘वारूं फॉरएवर’ फ्रेंचाइजी के लोकप्रिय गाने ‘वारून’ का नया वर्जन है। वर्ष 2020 में रिलीज हुआ यह सोलफुल ट्रैक ‘मिर्जापुर’ की दुनिया का अहम हिस्सा बन गया था। ओरिजिनल गाने को रोमी ने अपनी आवाज दी थी, जबकि इसका संगीत आनंद भास्कर और बोल गिन्नी दीवान ने लिखे थे।
‘वारूं फॉरएवर’ में रोमी एक बार फिर अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगे। इस बार उनके साथ लोकप्रिय गायिका श्रेया घोषाल भी नजर आएंगी। आनंद भास्कर और गिन्नी दीवान भी इस नए वर्जन के लिए लौटे हैं। उन्होंने ओरिजिनल गाने की रूह को बरकरार रखते हुए इसे नए म्यूजिकल अंदाज में पेश किया है।
दो नए पोस्टर्स के सामने आने के बाद ‘वारूं फॉरएवर’ को लेकर प्रशंसकों की उत्सुकता और बढ़ गई है। यह गाना 18 अगस्त को रिलीज होगा। पुराने पसंदीदा गाने की नए अंदाज में वापसी के साथ यह ट्रैक ‘मिर्जापुर’ की पुरानी यादों और नए म्यूजिकल अनुभव को जोड़ने की कोशिश करेगा।
अमेजन एमजीएम स्टूडियोज और एक्सेल एंटरटेनमेंट द्वारा प्रस्तुत ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है। फिल्म की कहानी और पटकथा पुनीत कृष्णा ने लिखी है।
रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले फिल्म का निर्माण किया है, जबकि कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी इसके सह-निर्माता हैं। ‘मिर्जापुर: द मूवी’ चार सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal