Saturday , August 22 2026

फेरारी की पहली इलेक्ट्रिक सुपरकार ने रचा इतिहास, 382 करोड़ में बिकी चेसिस 0

फेरारी की पहली इलेक्ट्रिक सुपरकार ने रचा इतिहास, 382 करोड़ में बिकी चेसिस 0

नई दिल्ली, । सुपरकार की दुनिया में फेरारी का नाम सुनते ही तेज रफ्तार, V8 और वी12 इंजन की गूंज याद आती है। लेकिन अब कंपनी इलेक्ट्रिक दौर में भी अपनी पहचान बनाने को तैयार है। बता दें कि फेरारी की पहली ऑल-इलेक्ट्रिक सुपरकार फेरारी ल्यूक की पहली यूनिट यानी चेसिस 0 ने नीलामी में ऐसा रिकॉर्ड बनाया है जिसकी शायद ही किसी ने उम्मीद की होगी। यह कार 40 मिलियन डॉलर यानी करीब 382 करोड़ रुपये में बिकी है। इसको लेकर खास बात यह है कि इसकी शुरुआती अनुमानित कीमत करीब 1.1 मिलियन डॉलर थी। यानी अंतिम बोली शुरुआती अनुमान से लगभग 40 गुना ज्यादा रही।

9 करोड़ की अनुमानित कीमत से 382 करोड़ तक पहुंची बोली
मोंटेरे में आयोजित आरएम सोथबीज़ चैरिटी ऑक्शन में फेरारी ल्यूक चेसिस 0 को पेश किया गया था। बोली शुरू होने के बाद इसकी कीमत तेजी से बढ़ी और आखिरकार 40 मिलियन डॉलर पर जाकर रुकी। इस नीलामी की पूरी रकम द फेरारी फ़ाउंडेशन को जाएगी। ऑक्शन हाउस ने इस बिक्री पर अपना प्रीमियम भी माफ कर दिया है। फाउंडेशन इस रकम का इस्तेमाल भविष्य की शैक्षणिक पहलों के लिए करेगा।

2027 में मिलेगी कार की डिलीवरी
इतनी बड़ी रकम खर्च करने के बावजूद खरीदार को तुरंत कार नहीं मिलेगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक इसकी डिलीवरी 2027 की पहली तिमाही में होगी। इससे पहले कार को फेरारी के मारानेलो स्थित मुख्यालय ले जाकर फाइनल फिनिशिंग और टेस्टिंग पूरी की जाएगी। इस बिक्री ने 2025 में बने 26 मिलियन डॉलर के फेरारी डेटोना एसपी3 के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया है।

जॉनी इवे ने दिया खास डिजाइन टच
फेरारी ल्यूक को लवफ्रोम डिजाइन स्टूडियो के साथ मिलकर तैयार किया गया है जिसके संस्थापक Apple के पूर्व डिजाइन प्रमुख जॉनी इवे हैं। कार को लाइट थीम पर डिजाइन किया गया है। इसका मैड्रेपर्ला सेमी-ग्लॉस पेंट रोशनी के कोण और तीव्रता के हिसाब से हरे और बैंगनी रंग के बीच बदलता दिखाई देता है। इंटीरियर में परला ले मैंस मैटेलिक लेदर और ग्रिजिओ कोरवारा फिनिश का इस्तेमाल किया गया है। फेरारी के मुताबिक कस्टमाइजेशन इतना खास है कि दो ल्यूक कारें बिल्कुल एक जैसी नहीं दिखेंगी।

1,000+ हॉर्सपावर और 530 किमी रेंज
फेरारी ल्यूक में चार इलेक्ट्रिक मोटर हैं जो मिलकर 1050 सीवी यानी करीब 1035 हॉर्सपावर पैदा करती हैं। कार सिर्फ 2.5 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है और इसकी टॉप स्पीड 310 किमी/घंटा है। इसमें 122 kWh बैटरी और 800-वोल्ट इलेक्ट्रिकल आर्किटेक्चर दिया गया है जबकि रेंज करीब 530 किमी बताई गई है। दिलचस्प बात यह है कि फेरारी इलेक्ट्रिक कार में भी स्पोर्ट्स कार वाली आवाज का अनुभव देने के लिए सेंसर और इलेक्ट्रिक-गिटार जैसी साउंड तकनीक का इस्तेमाल कर रही है।

सियासी मियार की रीपोर्ट