Sunday , August 23 2026

जापान में भूकंप से 37 घायल, एक हफ्ते का अलर्ट जारी

जापान में भूकंप से 37 घायल, एक हफ्ते का अलर्ट जारी

टोक्या, 23 अगस्त। जापान की राजधानी टोक्यो और आसपास के कांतो क्षेत्र में रविवार तड़के 5.9 तीव्रता के जोरदार भूकंप के झटके महसूस किये गये, जिसमें कम से कम 37 लोग घायल हो गये हैं। अधिकारियों ने चेतावनी जारी कर लोगों से अगले एक सप्ताह तक इसी तरह के तीव्र झटकों के प्रति सतर्क रहने की अपील की है।

जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार, भूकंप का केंद्र दक्षिणी इबारकी प्रांत में जमीन से 68 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। टोक्यो के अदाची वार्ड के साथ-साथ इबारकी, साइतामा और चिबा प्रांतों के कुछ हिस्सों में भूकंप की तीव्रता जापान के सात-बिंदु वाले ‘शिंदो’ पैमाने पर श्रेणी पांच की तीव्रता दर्ज की गयी। वहीं टोक्यो के अन्य हिस्सों, तोचिगी, गुन्मा और कानागावा प्रांतों में चार तीव्रता के झटके महसूस किये गये।

अग्निशमन एवं आपदा प्रबंधन एजेंसी के अनुसार, भूकंप के कारण साइतामा, चिबा, कानागावा और इबारकी प्रांतों में 22 लोग मामूली घायल हुए हैं, जबकि टोक्यो में 15 अन्य लोग घायल हैं। कानागावा में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। राष्ट्रीय सार्वजनिक प्रसारक (एनएचके) के अनुसार, इबारकी प्रांत के उशिकु सिटी हॉल की छत का एक हिस्सा ढह गया, जबकि टोक्यो में लिफ्टों में लोगों के फंसे होने की सूचनाएं भी मिलीं। राहत की बात यह रही है कि सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की गयी है। भूकंप के कारण रविवार सुबह रेल सेवाएं प्रभावित हुईं।

जेआर ईस्ट ने जोबन लाइन, केहिन तोहोकू लाइन और शोनान शिंजुकु लाइन सहित कई रेल लाइनों में देरी की सूचना दी। घटना के तुरंत बाद प्रधानमंत्री सानाए ताकाइची ने ‘एक्स’ पर जानकारी दी कि नुकसान का आकलन किया जा रहा है और प्रधानमंत्री कार्यालय के आपदा प्रबंधन केंद्र में एक संपर्क कार्यालय स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा, “जिन क्षेत्रों में तेज झटके महसूस किये गये हैं, वहां के नागरिकों से अनुरोध है कि वे इसी तीव्रता के एक और भूकंप की आशंका के मद्देनजर सतर्क रहें।”

सियासी मियार की रीपोर्ट